होम कोरोना वायरस लॉकडाउन: जान भी और जहान भी बोलने से पीएम मोदी का क्या था इशारा?
कोरोना वायरस लॉकडाउन: जान भी और जहान भी बोलने से पीएम मोदी का क्या था इशारा?
कोरोना वायरस के चलते देशभर में किया गया 21 दिनों का लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म हो रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ शुक्रवार को विडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर कोरोना वायरस से लड़ने के लिए राज्य की तैयारी और लॉकडाउन पर चर्चा की। लेकिन, इस बातचीत के दौरान उन्होंने कुछ ऐसे बातें कहीं हैं जिसके बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या अब अगर 15 अप्रैल से पूरे देश में लॉकडाउन को बढ़ाया जाता है तो फिर वही सारी शर्तें रहेंगी या इसमें कुछ परिवर्तन किए जा सकते हैं?
पीएम मोदी ने कहा, जान है तो जहान है
मुख्यमंत्रियों से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "पहले हमारा मंत्रा था जान है तो जहान है, लेकिन अब मंत्र हो गया है जान भी जहान भी। जब मैंने राष्ट्र के नाम संदेश दिया था, तो प्रारंभ में बल दिया था कि हर नागरिक की जान बचाने के लिए लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंशिंग का पालन बहुत आवश्यक है। देश के अधिकतर लोगों ने बात को समझा और घरों में रहकर दायित्व निभाया।"
पीएम मोदी ने कहा, "अब भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए, समृद्ध और स्वस्थ भारत के लिए जान भी जहान भी, दोनों पहलुओं पर ध्यान आवश्यक है। अब देश का प्रत्येक व्यक्ति जान भी और जहान भी, दोनों की चिंता करते हुए अपने दायित्व निभाएगा, सरकार और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करेगा।"
कुछ छूट के साथ बढ़ सकता है लॉकडाउन
ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि केंद्र सरकार कुछ छूट के साथ देशव्यापी लॉकडाउन को बढ़ा सकती है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों से विभिन्न पहलुओं को लेकर विचार मांगे हैं जिसमें यह पूछा गया है कि क्या कुछ अन्य श्रेणियों के लोगों और सेवाओं को छूट दिये जाने की जरूरत है। वर्तमान लॉकडाउन में केवल आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।
इससे पहले 2 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ संवाद के दौरान पीएम मोदी ने उनसे लॉकडाउन से 'क्रमवार तरीके से बाहर आने बारे में सुझाव मांगा था ।
देशभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 7,500 के पार
विभिन्न राज्यों के रिपोर्ट के आधार पर पीटीआई के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार की रात 9.30 बजे देशभर में कोरोना वायरस से 7510 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि इसके कारण 251 लोगों की मौत हो चुकी है और 700 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस के संक्रमण के 7447 मामले सामने आए हैं और इसके कारण 239 लोगों की मौत हो चुकी है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।