होम G20 सम्मेलन में शामिल होने पीएम मोदी जाएंगे इटली, चीन नहीं लेगा भाग
G20 सम्मेलन में शामिल होने पीएम मोदी जाएंगे इटली, चीन नहीं लेगा भाग
नई दिल्ली: अमेरिका दौरे के बाद पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) अब रोम (इटली) के दौरे पर जाएंगे. सूत्रों ने न्यूज़18 को जानकारी दी कि 30-31 अक्टूबर को रोम में होने वाले 20 देशों के सम्मेलन में पीएम मोदी शामिल होंगे. 16वें सम्मेलन में आर्थिक मुद्दों समेत वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी. पीएम मोदी का इस साल यह तीसरा विदेश दौरा होगा, इससे पहले पीएम मोदी बांग्लादेश और अमेरिका दौरे पर जा चुके हैं.
इस दौरे पर प्रधानमंत्री की कई द्विपक्षीय मुलाकातें भी होने की संभावना है. हालांकि रिपोर्ट के अनुसार चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा G20 बैठक में शामिल होने इटली नहीं जाएंगे. पिछले साल G20 सम्मेलन वर्चुअल रूप से हुआ था, और 2019 में यह सम्मेलन जापान में हुआ था और वहां पीएम मोदी की मुलाकात उस वक्त के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हुई थी. हालांकि इस साल द्विपक्षीय बैठकों को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं आई है.
12 अक्टूबर को अफगानिस्तान पर विशेष बैठक
भारत में इटली के राजदूत विन्सेन्ज़ो डे लुका ने न्यूज़18 को बताया कि G20 से जुड़ी दो अहम बैठकें होने वाली हैं. पहली बैठक 12 अक्टूबर को वर्चुअल रूप से होगी जिसमें अफगानिस्तान पर चर्चा की जाएगी. हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस बैठक में भारत की ओर से प्रतिनिधित्व को लेकर पुष्टि नहीं की. वहीं दूसरी बैठक 30 और 31 अक्टूबर को होगी जिसमें सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष इटली जाकर सम्मेलन में शामिल होंगे.
G20 देशों से तालिबान को जाए साफ संदेश
फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि तालिबान सरकार की मान्यता पर G20 देशों की तरफ से शर्तों को लेकर एक साफ संदेश जाना चाहिए. मैक्रों ने कहा कि अफगानिस्तान में महिलाओं के साथ समानता, आतंकी संगठनों से दूरी और मानवीय सहायता को लेकर शर्तें साफ कर दी जानी चाहिए. उन्होंने कहा था कि यूरोप, अमेरिका, चीन, रूस, अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका समेत सभी को मिलकर तालिबान को एक साथ संदेश देना चाहिए.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।