होम CM योगी का सपा पर इशारों में निशाना! बोले- ‘जब जनप्रतिनिधि ही 12 बजे सोकर उठेगा तो दुर्गति होनी ही है’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह में हिस्सा लिया और उन्हें सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह में हिस्सा लिया और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी, जनता के बीच उनकी पहुंच और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर दिया। अपने संबोधन में सीएम योगी ने इशारों में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही दोपहर 12 बजे सोकर उठेगा और अपने परिवार में मस्त रहेगा, तो दुर्गति होनी ही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों ने समाज और प्रदेश को ही अपना परिवार माना है, वही देश में परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने कहा, “जब जनप्रतिनिधि ही 12 बजे सो करके उठेगा, नेतृत्व देने वाला ही 12:00 बजे सोकर उठेगा, अपने परिवार के बीच में ही मस्त रहेगा, परिवार को ही समाज और प्रदेश मानने की भूल कर देगा तो दुर्गति तो होनी ही होनी है।”
सीएम योगी ने अपने संबोधन में जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति जिम्मेदार रहने और समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज, प्रदेश और देश को अपना परिवार मानकर काम करने वाले लोग ही बदलाव लाने में सक्षम होते हैं।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय नेताओं, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से हर समय सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी निर्माण कार्य में टूट-फूट होने पर समय से मरम्मत करा दी जाए, तो उसकी उम्र बढ़ जाती है। इसी तरह बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने और जलजमाव को लंबे समय तक बने रहने से रोकने की जरूरत है।
सीएम योगी ने कहा कि नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने से डेंगू, कालाजार, मलेरिया और इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों के प्रसार को रोकने में मदद मिल सकती है। इसके लिए लोगों और जनप्रतिनिधियों को जागरूक रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण को भी सामूहिक जिम्मेदारी बताया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, जिस तरह लोग अपने घर में टूट-फूट होने पर मरम्मत के लिए केवल सरकार का इंतजार नहीं करते, उसी तरह सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखने और उनकी देखभाल करने के लिए भी सक्रिय पहल करनी चाहिए। उन्होंने इसे एक अभिनव प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जनप्रतिनिधि इसी तरह जागरूकता के साथ काम करने लगें, तो जनता के मन में समय के साथ पैदा होने वाली नकारात्मकता को कम किया जा सकता है। उन्होंने जनता से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने पर जोर दिया।
सीएम योगी ने कहा कि लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही होता है, जिसकी पहुंच एक-एक घर तक हो। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं और पन्ना प्रमुखों की टीमों का उल्लेख करते हुए कहा कि घर-घर तक संपर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित करने चाहिए। इसके तहत स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड, आवास सुविधा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि केवल सुविधाएं उपलब्ध होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि उनका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे। सीएम योगी ने जनप्रतिनिधियों से जनता के बीच सक्रिय रहकर सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच मजबूत करने का आह्वान किया।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।