होम Balen Shah India Visit: नेपाल के PM बालेन शाह नवंबर में आएंगे भारत! मोदी से मुलाकात, बॉर्डर विवाद से लेकर बड़े प्रोजेक्ट्स तक इन मुद्दों पर होगी चर्चा

समाचारविदेश Alert Star Digital Team Oct 15, 2026 03:35 PM

Balen Shah India Visit: नेपाल के PM बालेन शाह नवंबर में आएंगे भारत! मोदी से मुलाकात, बॉर्डर विवाद से लेकर बड़े प्रोजेक्ट्स तक इन मुद्दों पर होगी चर्चा

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नवंबर में भारत की यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं। मार्च में पदभार संभालने के करीब आठ महीने बाद होने वाली यह यात्रा उनकी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी।

Balen Shah India Visit: नेपाल के PM बालेन शाह नवंबर में आएंगे भारत! मोदी से मुलाकात, बॉर्डर विवाद से लेकर बड़े प्रोजेक्ट्स तक इन मुद्दों पर होगी चर्चा

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नवंबर में भारत की यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं। मार्च में पदभार संभालने के करीब आठ महीने बाद होने वाली यह यात्रा उनकी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, नवंबर के तीसरे या चौथे सप्ताह में उनकी तीन दिवसीय भारत यात्रा हो सकती है। हालांकि, इससे पहले वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे। 'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट्स, सीमा विवाद और बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

नेपाल के किस प्रधानमंत्री ने तोड़ी थी India First की परंपरा?

परंपरागत रूप से नेपाल के प्रधानमंत्री अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को प्राथमिकता देते रहे हैं। हालांकि, इस परंपरा से अलग कुछ उदाहरण भी सामने आए हैं। साल 2008 में पुष्प कमल दहल प्रचंड ने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए चीन को चुना था। वहीं, 2011 में झालानाथ खनाल संयुक्त राष्ट्र की एक बहुपक्षीय बैठक में शामिल होने के लिए तुर्की गए थे। साल 2021 में शेर बहादुर देउबा जलवायु सम्मेलन COP26 में भाग लेने के लिए ब्रिटेन पहुंचे थे।

इसके बाद केपी शर्मा ओली ने दिसंबर 2024 में सत्ता में वापसी के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए चीन को चुना था। इस फैसले को भारत-प्रथम की परंपरा से अलग कदम माना गया। ओली ने दावा किया था कि भारत ने उन्हें आधिकारिक दौरे के लिए आमंत्रित नहीं किया था। अब बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

बालेन शाह की भारत यात्रा का एजेंडा क्या होगा?

'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, बालेन शाह की यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इनमें बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट्स, सीमा विवाद और बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण से जुड़े विषय शामिल हैं। दोनों देशों के अधिकारियों ने उन परियोजनाओं की सूची भी साझा की है, जिनका उद्घाटन या शुरुआत प्रधानमंत्री शाह की यात्रा के दौरान की जा सकती है।

नई दिल्ली में बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इसके अलावा उनकी भारत सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात भी प्रस्तावित है। नेपाली अंग्रेजी दैनिक की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के बीच कई समझौतों और सहमति पत्रों (MoUs) पर भी चर्चा चल रही है।

अगस्त की भीषण बाढ़ के बाद हो रही यात्रा

बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब नेपाल अगस्त में आई भीषण बाढ़ के प्रभावों से उबरने और पुनर्निर्माण की दिशा में काम कर रहा है। बाढ़ के बाद भारत ने नेपाल को राहत सामग्री और बचाव विशेषज्ञ तत्काल भेजे थे। ऐसे में यात्रा के दौरान आपदा राहत, पुनर्निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े सहयोग पर चर्चा होने की संभावना है।

यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि शुरुआत में बालेन शाह भारत, चीन और अन्य देशों के राजनयिकों से बातचीत करने में हिचकिचाते थे। ऐसे में उनकी भारत यात्रा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर बन सकती है।

आधिकारिक तारीखों की घोषणा अभी बाकी

बालेन शाह की भारत यात्रा को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। न तो काठमांडू और न ही नई दिल्ली की ओर से यात्रा की तारीखों की पुष्टि की गई है। फिलहाल नवंबर के तीसरे या चौथे सप्ताह में तीन दिवसीय दौरे की संभावना जताई जा रही है।

इस प्रस्तावित यात्रा से पहले जून में नेपाल की सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने नई दिल्ली का दौरा किया था। इस दौरान BJP मुख्यालय में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।

नेपाली पत्रकार ने बताया, लामिछाने के दौरे का क्या था संदेश?

नेपाल के वरिष्ठ पत्रकार केशव प्रधान ने जून में इंडिया टुडे को बताया था कि रबी लामिछाने के स्वागत का उद्देश्य नेपाली प्रधानमंत्री को राजनीतिक संदेश देना भी था। अब बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा से पहले दोनों देशों के अधिकारी संभावित परियोजनाओं और समझौतों पर चर्चा कर रहे हैं।

अगर यह यात्रा तय कार्यक्रम के अनुसार होती है, तो भारत और नेपाल के बीच बुनियादी ढांचे, सीमा से जुड़े मुद्दों और आपदा के बाद पुनर्निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर महत्वपूर्ण बातचीत हो सकती है।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)