होम अरबपतियों का कर्जा माफ तो गरीबों का क्यों नहीं, ओपी राजभर का किस पर निशाना?
अरबपतियों का कर्जा माफ तो गरीबों का क्यों नहीं, ओपी राजभर का किस पर निशाना?
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर इन दिनों सावधान यात्रा लेकर निकले हैं। गुरुवार को उनकी यात्रा बस्ती पहुंची। यहां उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। जनसभा के दौरान राजभर ने कई ऐसी बातें कहीं जिसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। राजभर ने जातिवार जनगणना की मांग की। यह भी कहा कि भूमिहीनों पर माफिया की तरह कार्रवाई हो रही है। उन पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। इसके अलावा यह भी कहा कि अरबपतियों का कर्जा माफ हो रहा है तो गरीबों का क्यों नहीं हो रहा है।
पिछले कुछ दिनों से राजभर केवल विपक्षी दलों पर हमलावर दिखाई देते रहे हैं। उनका बीजेपी प्रेम भी रह-रह कर नजर आता रहा है। राष्ट्रपति के चुनाव में तो वह अपने गठबंधन के साथी सपा को छोड़कर भाजपा के पाले में ही खड़े हो गए थे। ऐसे में कयास लगाया जाता रहा कि वह कभी भी यूपी की भाजपा सरकार में अब शामिल हो सकते हैं।
इस बीच गुरुवार को उन्होंने जो बातें कहीं उसके कई अर्थ निकाले जा रहे हैं। अभी तक भाजपा जातिवार जनगणना का विरोध करती रही है लेकिन राजभर ने कहा कि अति पिछड़ों को उनका हक दिलाने के लिए जातिवार जनगणना होनी चाहिए। इसके लिए पार्टी स्तर पर लगातार प्रयास हो रहा है।
यही नहीं, राजभर ने बुलडोजर की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। कहा कि ग्राम समाज आदि की जमीनों पर झोपड़ी आदि बनाने के चलते भूमिहीनों पर माफिया के तौर पर कार्रवाई की जा रही थी। कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर इस तरह की कार्रवाई रोकने की मांग की है। राजभर ने यह भी कहा कि अरबपतियों का बीमारी के नाम पर कर्जा माफ कर दिया जा रहा है। गरीबों का भी माफ होना चाहिए।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।