होम यूपी सरकार ने लॉ एंड आर्डर को ही कर दिया बुलडोज: अखिलेश यादव
यूपी सरकार ने लॉ एंड आर्डर को ही कर दिया बुलडोज: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने लॉ एंड आर्डर को ही बुलडोज कर दिया है। अखिलेश ने बयान जारी करते हुए कहा कि बहन बेटियों के लिए उत्तर प्रदेश सर्वाधिक असुरक्षित प्रदेश बन गया है। स्कूल, घर, थाने और अब अस्पताल में भी बलात्कार होने लगे हैं। दूसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को रेप स्टेट बना दिया है। भाजपा सरकार महिलाओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील साबित हो चुकी है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि विज्ञापनों में कानून व्यवस्था का झूठा प्रचार करके मुख्यमंत्री जी अब जनता को बहका नहीं सकेंगे। सच तो यह है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में अपराध का मीटर दुगना रफ्तार से बढ़ रहा है। पुलिस थाने अराजकता के केन्द्र बन गए हैं। लूट, हत्या, अपहरण और बलात्कार के मामलों में उत्तर प्रदेश आगे जा रहा है। भाजपा सरकार ने विकास को किनारे कर रखा है। वह नफरत और समाज को बांटने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने में लग गई है।
अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री को जगह-जगह जाकर भाषण देने का शौक है, वे प्रशासन पर लगाम कसने में विफल साबित है। फर्जी मुकदमों और फर्जी एनकाउंटरों में भाजपा सरकार रिकॉर्ड बना रही है। हिरासत में मौतों को लेकर तो राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक तमाम नोटिस जारी कर चुका है। उन्होंने कहा कि जो सरकार पुलिस को एमएलसी चुनाव जीतने, पंचायत चुनाव जीतने के लिए लगा दे उससे और क्या उम्मीद की जा सकती है। जब पुलिस से सेवा नियमावली के विरुद्ध काम कराए जाएंगे तो फिर उसकी दबंगई कैसे रोक सकेंगे। पुलिस पर बढ़ते राजनीतिक दबाव के चलते अब गंभीर घटनाओं में भी पुलिस का रवैया ढुलमुल रहता है। दबंगों को सजा का डर नहीं रह गया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।