होम राम मंदिर चढ़ावा विवाद में बड़ा मोड़! SIT ने संजय सिंह को तलब किया, सबूतों के साथ लखनऊ पहुंचेंगे AAP सांसद
राम मंदिर चढ़ावा और कथित जमीन खरीद मामलों की जांच कर रही एसआईटी (SIT) ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सबूत पेश करने के लिए बुलाया है। इस मामले में नया घटनाक्रम सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
राम मंदिर चढ़ावा और कथित जमीन खरीद मामलों की जांच कर रही एसआईटी (SIT) ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सबूत पेश करने के लिए बुलाया है। इस मामले में नया घटनाक्रम सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। संजय सिंह ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके पास मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें वह जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
संजय सिंह ने बताया कि उन्हें 25 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, चंदे के उपयोग और जमीन खरीद से जुड़े कई दस्तावेज उनके पास हैं, जिन्हें वह एसआईटी अध्यक्ष को सौंपेंगे। जांच एजेंसी की ओर से उन्हें साक्ष्य उपलब्ध कराने के लिए आमंत्रित किया गया है।
अपने एक्स अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में संजय सिंह ने कहा, "मैं ये जानकारी आप सब के साथ शेयर करना चाहता था कि 25 जून को 11 बजे लखनऊ मंडलायुक्त के कार्यालय पर मुझे बुलाया गया है. मैंने समय भी मांगा था. मैं कल जाकर सारी जानकारी SIT को सौंपूंगा. जय हिंद, जय श्रीराम."
पिछले कुछ समय से संजय सिंह राम मंदिर चढ़ावा और जमीन खरीद से जुड़े मामलों को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। वह विभिन्न मंचों और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सरकार और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते रहे हैं। हाल ही में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कई दस्तावेज सार्वजनिक करते हुए कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए थे।
बुधवार को किए गए एक अन्य एक्स पोस्ट में संजय सिंह ने ट्रस्ट से जुड़े भूमि सौदों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "2 करोड़ की ज़मीन 18.5 करोड़ में, 3 करोड़ की ज़मीन 24 करोड़ में, 9 करोड़ की ज़मीन 55.47 करोड़ में चंपत राय ने ख़रीदी. सारे सबूत मेरे पास हैं मुझे आज तक SIT ने मिलने का समय नहीं दिया. आख़िर चंदा चोर अभी तक ट्रस्ट में कैसे हैं? ट्रस्ट मोदी ने बनाया, लूट का माल BJP को पहुँचा BJP उसी पैसे से देश भर में सांसद विधायक ख़रीद रही है. यही कारण है मोदी जी अब तक चंदा चोरी पर ख़ामोश हैं."
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस पूरे मामले की जांच के लिए 13 जून को तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। जांच टीम अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है। अब अंतिम रिपोर्ट अगले 10 से 15 दिनों के भीतर आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में संजय सिंह द्वारा सौंपे जाने वाले दस्तावेज जांच की दिशा पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकते हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।