होम अलीगढ़ को CM योगी का मेगा गिफ्ट! 462 करोड़ की 85 परियोजनाओं का शुभारंभ, डिफेंस कॉरिडोर से बदलेगी जिले की तस्वीर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में विकास की गति किसी भी हाल में नहीं रुकेगी और डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ नगर और कोल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए अलीगढ़ की जनता को बधाई दी और कहा कि सरकार क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप लगातार नई परियोजनाएं शुरू कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अलीगढ़ को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर से जोड़ना जिले के लिए ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे अलीगढ़ केवल ताला नगरी या हार्डवेयर उद्योग के लिए ही नहीं, बल्कि रक्षा उपकरणों के निर्माण और आपूर्ति के लिए भी देशभर में पहचान बनाएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अलीगढ़ भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायक राजा महेंद्र प्रताप सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने वर्ष 1915 में अफगानिस्तान से भारत की निर्वाचित सरकार का गठन कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी थी। वहीं, कल्याण सिंह ने एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर अलीगढ़ और प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री ने बाबा खेरेश्वर महादेव, बाबा अखिलेश्वर महादेव और अन्य पौराणिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि अलीगढ़ की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत उसे विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ विरासत का संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सीएम योगी ने बताया कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और वहां तेजी से नई सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग की लगभग 2800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से 6-लेन हाईवे का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही रिंग रोड, फ्लाईओवर, अस्पताल, कॉलेज, पॉलिटेक्निक और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भी काम जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े विकास कार्य तभी संभव होते हैं जब जनता ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनती है जिनके पास विकास की स्पष्ट सोच और दूरदृष्टि हो।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्यों को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है और अलीगढ़ इसका प्रमुख उदाहरण है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह अलीगढ़ की जनता को आश्वस्त करने आए हैं कि विकास योजनाएं लगातार जारी रहेंगी और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार नई परियोजनाएं भी लाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के विकास कार्यों का निरीक्षण करने का भी अवसर मिला। साथ ही उन्होंने कहा कि लखनऊ अग्निकांड के कारण उन्हें तत्काल राजधानी जाना है, लेकिन विकास कार्यों की समीक्षा के लिए वह फिर अलीगढ़ का दौरा करेंगे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।