होम Jammu Kashmir Flood News: पुंछ में बारिश-बाढ़ का कहर, 10 लोगों की मौत; कई घर तबाह, Rescue Operation जारी
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा प्रभावित पुंछ जिला रहा, जहां अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने व्यापक तबाही मचाई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा प्रभावित पुंछ जिला रहा, जहां अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने व्यापक तबाही मचाई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें सुरनकोट क्षेत्र में 9 लोगों की जान गई है, जिनमें एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल हैं, जबकि हवेली क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
पुंछ जिले की पुलस्त्य नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण दो दुकानें, एक आटा चक्की और वाहनों का सर्विस स्टेशन पानी में बह गया। इसके साथ ही कई वाहन भी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। सुरनकोट तहसील के संगलेयानी गांव में एक मकान ढहने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि मकान में फंसे आठ लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
हवेली क्षेत्र में कम से कम सात मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। वहीं मंडी इलाके से भी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचने की खबर है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों से पूरी जानकारी मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है।
इसी बीच नूना बांडी गांव में भी एक मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण जिले की अधिकांश सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे राहत कार्यों में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुंछ में आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन से हुई जान-माल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, "एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां बचाव और राहत अभियान चला रही हैं. अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया है."
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए वह दिल्ली से जम्मू लौटकर स्वयं हालात का जायजा लेंगे। साथ ही राहत कार्यों के बेहतर समन्वय के लिए स्थानीय विधायकों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए कहा, "मैंने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित राजौरी और पुंछ के हालात का जायजा लिया. राजौरी में सिविल प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं."
उन्होंने आगे लिखा, "प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है. सभी विभाग हाई अलर्ट पर हैं और वे तुरंत राहत और मरम्मत के काम को प्राथमिकता दे रहे हैं. मैं निवासियों से शांत रहने और आधिकारिक अपडेट का पालन करने का आग्रह करता हूं. राजौरी और पुंछ के हवेली और सुरनकोट इलाकों में हुई जान-माल की हानि से मुझे गहरा दुख हुआ है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं."
मनोज सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा, "भारी बारिश से राजौरी और पुंछ में कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है. मैंने अधिकारियों को दोनों जिलों में सभी प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता प्रदान करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि आपातकालीन टीमें किसी भी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें."
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।