होम राम मंदिर चंदा विवाद फिर गरमाया! दिग्विजय सिंह बोले- अयोध्या जाकर दर्ज कराऊंगा मुकदमा, BJP-RSS पर लगाए गंभीर आरोप
भोपाल में आयोजित महिला कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर चंदा, राम मंदिर आंदोलन और भाजपा-आरएसएस को लेकर तीखे आरोप लगाए।
भोपाल में आयोजित महिला कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर चंदा, राम मंदिर आंदोलन और भाजपा-आरएसएस को लेकर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर आंदोलन का नेतृत्व भाजपा या आरएसएस ने नहीं किया था, बल्कि संतों और मठों ने इस आंदोलन को आगे बढ़ाया। साथ ही उन्होंने राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले में अयोध्या जाकर मुकदमा दर्ज कराने की घोषणा भी की।
दिग्विजय सिंह ने कहा, "हनुमान गढ़ी और गोरखनाथ मठ ने राम मंदिर की लड़ाई लड़ी. न तब वहां RSS थीं और ना तब वहां बीजेपी पार्टी थी. भगवान राम से प्रेम इन्हें तब उमड़ा जब इनके केवल 2 सांसद बचे."
उन्होंने आगे कहा, "ये लोग धर्म को बेचकर अपनी कमाई करते हैं और उसे कमाई से वोट खरीदते हैं, विधायक खरीदते हैं, सांसद खरीदते हैं. हमारे ही चंदा की चोरी कर यह खरीद रहे हैं. मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा को बचाया जा रहा है. मैंने जो चंदा दिया है, जिसकी इन्होंने चोरी की है, इसके लिए अपने वकील के माध्यम से 5-6 जुलाई को अयोध्या जाकर केस दर्ज कराऊंगा."
राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले भी संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा, "उन्होंने अनिल मिश्रा और चंपत राय से इस्तीफ़ा मांगा, लेकिन कोषाध्यक्ष महंत गोविंद गिरि से पद छोड़ने के लिए नहीं कहा गया और न ही चंपत राय या अनिल मिश्रा के ख़िलाफ कोई FIR दर्ज की गई."
उन्होंने आगे बताया, "दिल्ली में एक बड़े क्रिमिनल लॉयर दोस्त ने मुझे फोन करके कहा कि दिग्विजय, जो चंदा आपने दिया था, उसके लिए आपको अयोध्या कोर्ट में केस करना चाहिए कि उन्होंने आस्था से जुड़े काम के लिए दिए गए पैसे की चोरी की है. मांग करें कि पैसा वापस किया जाए ताकि आप उसे शंकराचार्य के मठ या रामालय ट्रस्ट में जमा कर सकें. मैं 5 या 6 तारीख़ को अपने वकील से मिलूंगा और अयोध्या जाकर मुकदमा दायर करूंगा. मैं इन सभी ट्रस्टियों को जेल भिजवाऊंगा."
राम मंदिर चंदा विवाद पर अपनी बात रखते हुए दिग्विजय सिंह ने उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "महाकाल के मंदिर में भी चंदा चोरी हो रहा हो, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है."
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।