होम CM Yogi Ambedkarnagar Visit: 706 करोड़ की 194 परियोजनाओं की सौगात, सड़क, बिजली और पेयजल को मिलेगी नई रफ्तार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अंबेडकरनगर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले को 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अंबेडकरनगर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले को 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं के जरिए सड़क, पेयजल, बिजली, पर्यटन, लोक निर्माण और कौशल विकास जैसे कई क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री का यह दौरा पूर्वांचल के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल गोविंद साहब में प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित गोविंद साहब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टांडा, आलापुर और जलालपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 706.81 करोड़ रुपये बताई गई है।
योजनाओं के तहत टांडा विधानसभा क्षेत्र में 69 परियोजनाओं पर 217.69 करोड़ रुपये, आलापुर में 75 परियोजनाओं पर 312.18 करोड़ रुपये और जलालपुर में 50 परियोजनाओं पर 176.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क, स्वच्छ पेयजल, बिजली आपूर्ति और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इन 194 परियोजनाओं में 36 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जिनकी लागत 145.98 करोड़ रुपये है। वहीं, 158 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा, जिन पर 560.83 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के पूरा होने से टांडा, आलापुर और जलालपुर समेत पूरे अंबेडकरनगर जिले में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। साथ ही पर्यटन, लोक निर्माण और कौशल विकास से जुड़े क्षेत्रों को भी नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की लगातार समीक्षा की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके तथा आम लोगों और लाभार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।