होम UP ने दिखाया दम, आज लगे 25 लाख डोज, 5 करोड़ का आंकड़ा छूने वाला पहला राज्य
UP ने दिखाया दम, आज लगे 25 लाख डोज, 5 करोड़ का आंकड़ा छूने वाला पहला राज्य
नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है जिसने पांच करोड़ कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार कर लिया है. यही नहीं मंगलवार को सुपर वैक्सीनेशन कर यूपी ने 25 लाख लोगों को वैक्सीन डोज लगाए हैं. इसके साथ ही एक दिन में सर्वाधिक वैक्सीन डोज देने का मध्य प्रदेश का रिकॉर्ड टूट गया है.
मंगलवार को वैक्सीनेशन के विशेष अभियान के तहत शाम सात बजे तक करीब 24 लाख डोज लगाए गए. माना जा रहा है कि रात तक पूरे डोज की संख्या 25 लाख हो जाएगी. इससे पहले मध्य प्रदेश ने एक दिन में 17 लाख वैक्सीन डोज लगाए थे.
यूपी ने बीते महीने महाराष्ट्र को पीछे कर दिया था
कुल वैक्सीनेशन के मामले में भी यूपी सभी राज्यों से आगे निकल गया है. भाजपा शासित राज्य में अब तक 5.15 करोड़ वैक्सीन डोज लगाए गए हैं. यूपी ने बीते महीने महाराष्ट्र को पीछे कर दिया था. महाराष्ट्र ने अब तक 4.5 करोड़ डोज लगाए हैं. अगर पूरे देश के आंकड़ों से तुलना करें तो मंगलवार को अकेले यूपी ने 42 फीसदी डोज लगाए हैं. आज पूरे देश में 56 लाख डोज लगाए गए हैं.
यूपी प्रति लाख वैक्सीनेशन के मामले में देश में सेकंड लास्ट नंबर पर
हालांकि विरोधाभासी बात यह है कि इतनी बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन के बावजूद भी यूपी प्रति लाख वैक्सीनेशन के मामले में देश में सेकंड लास्ट नंबर पर है. उत्तर प्रदेश में प्रति लाख वैक्सीनेशन का आंकड़ा करीब 22 हजार है. 21 हजार डोज के साथ बिहार आखिरी नंबर पर है. उत्तर प्रदेश की जनसंख्या करीब 23 करोड़ है. अब तक राज्य में कुल 81 लाख लोग का पूरी तरह वैक्सीनेशन हुआ है. 4.3 करोड़ लोगों को अभी तक सिर्फ एक डोज ही मिली है. 18-44 आयु समूह में 2.4 करोड़ डोज लगाए गए हैं.
'उत्तर प्रदेश को अभी लंबा रास्ता तय करना है'
एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज़18 ने कहा-उत्तर प्रदेश को अभी लंबा रास्ता तय करना है क्योंकि यह देश का सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य है. लेकिन वैक्सीनेशन के मामले में राज्य लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. मंगलवार को सबसे ज्यादा डोज गाजियाबाद जिले में दिए गए. इससे बाद लखनऊ, आगरा और प्रयागराज का नंबर है. अगर कुल वैक्सीनेशन की बात करें तो राजधानी लखनऊ अव्वल है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।