होम असम-मिज़ोरम सीमा पर संघर्ष में असम पुलिस के छह जवान मारे गए
असम-मिज़ोरम सीमा पर संघर्ष में असम पुलिस के छह जवान मारे गए
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया है कि असम और मिज़ोरम की सीमा पर असम पुलिस के छह जवानों की मौत हो गई है. मुख्यमंत्री सरमा के मुताबिक़ जवानों की जान राज्य की सीमा की रक्षा करते हुए गई.
मुख्यमंत्री सरमा ने ट्वटिर पर लिखा, "मैं बेहद पीड़ा के साथ जानकारी दे रहा हूँ कि असम पुलिस के छह बहादुर जवानों ने असम- मिज़ोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी है. मारे गए लोगों के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएँ हैं. "
असम और मिज़ोरम की सीमा पर सोमवार को सुरक्षा बलों और आम नागरिकों के बीच झड़प की ख़बरें आईं थीं. रिपोर्टों के मुताबिक वहाँ फायरिंग भी हुई थी.
इसे लेकर असम के मुख्यमंत्री सरमा और मिज़ोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरामथांगा ने ट्विटर पर एक-दूसरे पर आरोप भी लगाए थे. हालांकि, बाद में दोनों मुख्यमंत्रियों ने बताया था कि उनके बीच बातचीत हुई है,
जवानों की मौत और हिंसा की ख़बरों के बीच समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों मुख्यमंत्रियों से कहा है कि वो शांति क़ायम करना सुनिश्चित करें. सरमा और ज़ोरामथांगा ने अमित शाह से दखल की मांग की थी.
ये स्थिति भी तब हुई जबकि दो दिन पहले ही गृह मंत्री अमित शाह ने शिलांग में पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी. मिज़ोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरामथांगा ने सोमवार को ट्विटर पर इसी मीटिंग का ज़िक्र किया.
उन्होंने लिखा, "प्रिय हिमंता जी, आदरणीय श्री (गृह मंत्री) अमित शाह की बुलाई मुख्यमंत्रियों की सौहार्दपूर्ण बैठक के बाद, हैरानी है कि असम पुलिस की दो कंपनियों और आम नागरिकों ने आज मिज़ोरम के अंदर वैरेनगटे ऑटो रिक्शा स्टैंड पर नागरिकों पर लाठीचार्ज किया और आँसू गैस छोड़ी. यहाँ तक कि वो सीआरपीएफ़ के जवानों/मिज़ोरम पुलिस पर भी चढ़ दौड़े."
मुख्यमंत्री ज़ोरामथांगा ने ये ट्वीट असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा को संबोधित करते हुए किया. वो सरमा की ओर से किए गए ट्वीट का जवाब दे रहे थे.
सरमा ने अपने ट्वीट में लिखा था, "आदरणीय ज़ोरमाथांगा जी कोलासिब (मिज़ोरम) के एसपी हमसे कह रहे हैं कि जब तक हम हमारी पोस्ट से नहीं हटेंगे तब तक उनके नागरिक ना तो सुनेंगे और ना ही हिंसा बंद करेंगे. इन हालात में हम सरकार कैसे चला सकते हैं? उम्मीद है कि आप जल्दी से जल्दी इसमें हस्तक्षेप करेंगे."
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने अपने ट्वीट में गृह मंत्री अमित शाह और पीएमओ को भी टैग किया.
हालाँकि विवाद के तूल पकड़ने पर दोनों मुख्यमंत्रियों ने एक और ट्वीट किया. हिमंत बिस्व सरमा ने जानकारी दी कि उन्होंने मिज़ोरम के मुख्यमंत्री से बात की है और बताया है कि असम यथास्थिति बनाए रखेगा. इसका जवाब मिज़ोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरामथांगा ने दिया और असम पुलिस को हटाने की बात की.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।