होम यूपी: पीएम मोदी नौ मेडिकल कॉलेजों का 15 जुलाई को बनारस से कर सकते हैं उद्घाटन
यूपी: पीएम मोदी नौ मेडिकल कॉलेजों का 15 जुलाई को बनारस से कर सकते हैं उद्घाटन
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से बड़ा संकट पैदा हो गया था। उम्मीद है कि बनकर तैयार हो चुके नौ नए मेडिकल कॉलेजों के उद्घाटन के बाद स्थिति में सुधार होगा। इन कॉलेजों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह 15 जुलाई को करेंगे। संभावना है कि प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से ही वर्चुअल माध्यम से जुड़कर एकसाथ सभी कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे।
बहरहाल, सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री अगले सप्ताह वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। ऐसे में वह यहीं से वर्चुअली इन नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश में मेडिकल कॉलेज की संख्या 48 हो जाएगी। राज्य में अभी 13 और मेडिकल कॉलेज का निर्माण चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसके साथ ही यूपी देश का ऐसा राज्य बन सकता है, जहां बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज होंगे।
कहां बनाए गए हैं नए कॉलेज
नए मेडिकल कॉलेज देवरिया, एटा, फतेहपुर, गाजीपुर, हरदोई, जौनपुर, मिर्जापुर, प्रतापगढ़ और सिद्धार्थनगर जिलों में बनाए गए हैं। इस बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 8 जुलाई को ट्वीट कर जानकारी दी थी और संबंधित अधिकारियों को तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया था। बताया गया है कि इन कॉलेजों में साढ़े चार सौ से अधिक संकाय सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। मेडिकल उपकरण भी खरीद लिए गए हैं।
प्रदेश के सभी जिलों में बनेगा मेडिकल कॉलेज
सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में हब बनाने की है। इसी के मद्देनजर सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना है। सिलसिलेवार नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। आजादी के बाद से 2017 तक राज्य में 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे। जो अब तकरीबन दोगुने होने वाले हैं। अब तक 59 जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो गई है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बाकी बचे 16 जिलों में भी जल्द ही पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज बनाने और अन्य कॉलेजों को अपग्रेड करने की तैयारी हो रही है। इसके साथ ही सरकार का फोकस जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर है। राज्य सरकार सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने पर भी जोर दे रही है। इसके अलावा सरकार कोरोना की तीसरी लहर से निबटने के लिए भी पूरी तरह तैयार है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।