होम पंजाब में नया जिला बनाने को लेकर अमरिंदर सिंह और योगी में हुई तीखी नोकझोंक
पंजाब में नया जिला बनाने को लेकर अमरिंदर सिंह और योगी में हुई तीखी नोकझोंक
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके उत्तर प्रदेश के समकक्ष योगी आदित्यनाथ के बीच पंजाब में एक नया जिला बनाने को लेकर तीखी नोकझोंक हुई, जिसको यूपी के मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए कांग्रेस की "विभाजन नीति" बताया।
अमरिंदर सिंह ने यूपी समकक्ष के ट्वीट के कुछ घंटों बाद एक बयान में कहा कि आदित्यनाथ की टिप्पणी "भाजपा की विभाजनकारी नीतियों के तहत शांतिपूर्ण राज्य में सांप्रदायिक घृणा को भड़काने का प्रयास था।"
सिंह ने शुक्रवार को पंजाब के सबसे नए और इसके 23वें जिले का नाम मलेरकोटला घोषित किया, जो चंडीगढ़ से लगभग 131 किलोमीटर दूर है, इसे संगरूर जिले से अलग करके बनाया गया है। पंजाब के सीएम ने ट्वीट किया, "यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर मेरी सरकार ने राज्य के सबसे नए जिले के रूप में मलेरकोटला की घोषणा की है। 23वें जिले का ऐतिहासिक महत्व है। जिला प्रशासनिक परिसर के लिए एक उपयुक्त स्थल का तुरंत पता लगाने का आदेश दिया है।''
दुनियाभर के सिख मलेरकोटला के पूर्व नवाब शेर मोहम्मद खान का सम्मान करते हैं, जिन्होंने मुगलों द्वारा 10वें सिख गुरु गोबिंद सिंह के दो बेटों की यातना के खिलाफ आवाज उठाई थी।
हालांकि, पंजाब सरकार के इस कदम की यूपी के मुख्यमंत्री ने आलोचना की थी। आदित्यनाथ ने हिंदी में ट्वीट किया, "विश्वास और धर्म के आधार पर कोई भी भेद भारत के संविधान की भावना के विपरीत है। इस समय, मलेरकोटला (पंजाब) का गठन कांग्रेस की विभाजनकारी नीति का प्रतिबिंब है।"
आदित्यनाथ को जवाब देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री ने आज बयान में कहा कि उनके यूपी समकक्ष को पंजाब के मामलों से दूर रहना चाहिए, "जोकि विभाजनकारी और विनाशकारी भाजपा सरकार के तहत यूपी की तुलना में बहुत बेहतर स्थिति में हैं, जो पिछले चार वर्षों से राज्य में सक्रिय रूप से सांप्रदायिक कलह को बढ़ावा दे रही है।"
अमरिंदर सिंह ने कहा, "वह (आदित्यनाथ) पंजाब के लोकाचार या मलेरकोटला के इतिहास के बारे में क्या जानते हैं, जिसका सिख धर्म और उसके गुरुओं के साथ संबंध हर पंजाबी को पता है? और वह भारतीय संविधान के बारे में क्या समझते हैं, जिसे यूपी में उनकी सरकार द्वारा हर दिन बेशर्मी से रौंदा जा रहा है।"
मलेरकोटला की स्थापना 1454 में अफगानिस्तान के शेख सदरुद्दीन-ए-जहां द्वारा की गई थी और बाद में मलेरकोटला राज्य की स्थापना 1657 में बायज़ीद खान द्वारा की गई थी। बाद में इसे पटियाला और ईस्ट पंजाब स्टेट्स यूनियन या PEPSU बनाने के लिए आसपास की अन्य रियासतों के साथ मिला दिया गया। 1956 में राज्यों के पुनर्गठन के दौरान, मलेरकोटला के पूर्व राज्य का क्षेत्र पंजाब का हिस्सा बन गया।
अमरिंदर सिंह, जो पूर्व पटियाला राजघरानों से ताल्लुक रखते हैं, उन्होंने मलेरकोटला के तत्कालीन नवाब के साथ अपने सौहार्दपूर्ण संबंधों को याद किया, जिन्हें वे प्यार से "चाचाजी" कहते थे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।