होम मैच से पहले जो रूट की चेतावनी- सिर्फ स्वीप शॉट नहीं
मैच से पहले जो रूट की चेतावनी- सिर्फ स्वीप शॉट नहीं
चेन्नई (Chennai) में शुक्रवार 5 फरवरी से भारत और इंग्लैंड (India vs England 2021) के बीच शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच में इंग्लिश कप्तान जो रूट (Joe Root) भारतीय टीम (Indian Team) के लिए सबसे बड़ी चुनौती रहेंगे. श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले जो रूट (Joe Root) बेहतरीन फॉर्म में दिखे और इससे भारत के लिए खतरे की घंटी बज गई है. श्रीलंका (Sri Lanka) के साथ 2 मैचों की सीरीज में चार सौ से ज्यादा रन बनाने वाले रूट ने स्पिनरों के खिलाफ स्वीप शॉट का बेहतरीन इस्तेमाल किया था, लेकिन इंग्लिश कप्तान ने साफ कर दिया है कि भारत के खिलाफ वह और भी तरीकों से रन बनाएंगे.
श्रीलंका के खिलाफ हुई दो टेस्ट मैचों की सीरीज में रूट ने लगातार 2 शतक जड़े. उन्होंने पहले टेस्ट में बेहतरीन दोहरा शतक जड़ा और फिर अगले टेस्ट में भी दोहरे शतक के करीब आकर चूक गए. इस दौरान रूट ने श्रीलंकाई स्पिनरों के खिलाफ स्वीप शॉट का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया और जमकर रन बटोरे. ऐसे में जाहिर तौर पर भारतीय पिचों और भारतीय स्पिनरों के खिलाफ भी वह इस हथियार का इस्तेमाल करेंगे.
श्रीलंका में रन बनाने के विकल्प कम
हालांकि रूट ने भारतीय गेंदबाजों के सामने चुनौती पेश करते हुए कहा है कि वह सिर्फ इस शॉट के जरिए रन नहीं बनाएंगे, बल्कि बाकी तरीकों का इस्तेमाल भी करेंगे. रूट ने चेन्नई टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,
“मेरे लिए (स्वीप शॉट) एक आकर्षक शॉट है. इससे रन बनते हैं. लेकिन मुझे लगता है कि श्रीलंका में पिच और परिस्थितियां अलग थी. वहां पर रन बनाने के कम विकल्प थे.”
सिर्फ स्वीप नहीं, रन बनाने के दूसरे तरीके भी
रूट ने कहा है कि भारत में वह सिर्फ इसके भरोसे नहीं रहेंगे क्योंकि उन्होंने रन बनाने के लिए कुछ और नए तरीके ढूंढें हैं. इंग्लिश कप्तान ने कहा,
“यहां थोड़ा बाउंस होगा और गेंदें ज्यादा टर्न भी नहीं होगी, इसलिए यहां पर इस तरह के शॉट खेलना ज्यादा खतरनाक होगा. मैंने रन बनाने अलग तरीके ईजाद किए हैं. मुझे लगता है कि यह बल्लेबाजी का एक हिस्सा है. रन बनाने के लिए हम अपनी रणनीतियों को लागू करने की कोशिश करते हैं. लेकिन यह बहुत बड़ी चुनौती होगी. मैंने रन बनाने के लिए विभिन्न तरीके निकाले हैं.”
करियर का 100वां टेस्ट खेलेंगे रूट
इंग्लैंड के 2012 के भारत दौरे में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले रूट शुक्रवार को भारत में ही अपना 100वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे. इस मौके को खास बनाने के लिए रूट ने कहा कि वह पारी को गेंद दर गेंद आगे बढ़ाएंगे न कि किसी पूर्व-योजना के साथ. कप्तान ने साथ ही यह भी कहा कि उन्होंने कम उम्र से ही स्वीप शॉट खेलना सीखा है.
30 वर्षीय रूट ने कहा, “मुझे शारीरिक रूप से विकसित होने और विकसित होने में लंबा समय लगा. इसलिए मुझे विशेष रूप से स्पिनरों के खिलाफ गेंद को स्क्वायर से निकालने का एक तरीका खोजना पड़ा. स्वीप शॉट ऐसा शॉट था जिसे मैं वास्तव में सबसे अधिक शक्ति के साथ खेल सकता था.”
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।