होम किसानों और सरकार के बीच बैठक के बाद तोमर बोले चार में से दो मुद्दों पर बनी सहमति
किसानों और सरकार के बीच बैठक के बाद तोमर बोले चार में से दो मुद्दों पर बनी सहमति
तीन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों की बुधवार को सरकार के साथ बैठक हुई। बैठक में 40 कृषि संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ केंद्र सरकार के 3 मंत्रियों ने चर्चा की। करीब 5 घंटे चली चली बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दावा किया कि सरकार और किसान नेताओं के बीच चार में से दो मुद्दों पर सहमति बन गई। बचे हुए दो अन्य मुद्दों पर चार जनवरी को फिर से बैठक होगी। बैठक के बाद नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा- आज की बैठक पहले की तरह बहुत अच्छे वातावरण में हुई। किसान संगठनों के नेताओं ने जो चार विषय चर्चा के लिए रखे थे, उसमें दो मुद्दों पर रजामंदी हो गई है। पहला- पराली को लेकर और दूसरा- बिजली कानून। कृषि कानूनों और एमएसपी पर कानून को लेकर चर्चा खत्म नहीं हुई है। इसके लिए फिर से चार जनवरी को बैठक होगी। सर्दी का मौसम है, इसलिए किसानों को बुजुर्गों और बच्चों को घर जाने के लिए कहना चाहिए। यह भी किसान संगठनों से मैंने कहा है। वहीं, किसान संगठनों में एक संगठन के नेता कलवंत सिंह संधू ने बैठक के बाद कहा- सरकार और किसान यूनियनों के बीच अगले दौर की बैठक चार जनवरी को होगी। आज की बैठक मुख्य रूप से बिजली और पराली जलाने के मुद्दे पर केंद्रित रही। अगली बैठक में एमएसपी गारंटी और तीन कृषि कानूनों पर बात होगी। लंगर में भी शामिल हुए मंत्री : केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, रेलवे, वाणिज्य और खाद्य मंत्री पीयूष गोयल तथा वाणिज्य राज्य मंत्री सोमप्रकाश विज्ञान भवन में 40 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर रहे थे। दो घंटे तक चर्चा के बाद केंद्रीय मंत्री प्रदर्शनकारी किसानों के लंगर में भी शामिल हुए। विज्ञान भवन में वार्ता आरंभ होने के करीब दो घंटे बाद बैठक स्थल के पास एक वैन से किसानों के लिए लंगर पहुंचाया गया। इस दौरान किसान नेताओं के साथ मंत्रियों ने भी लंगर खाया।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।