होम लद्दाख को चीन का हिस्सा दिखाने का मामला, संसदीय समिति ने ट्विटर को लगाई फटकार
लद्दाख को चीन का हिस्सा दिखाने का मामला, संसदीय समिति ने ट्विटर को लगाई फटकार
नयी दिल्ली। लद्दाख को चीन के भूभाग के तौर पर दिखाने के संबंध में संसदीय समिति ने बुधवार को ट्विटर को फटकार लगाते हुए कहा कि यह राजद्रोह की तरह है और अमेरिकी सोशल मीडिया कंपनी को हलफनामे के रूप में इस बारे में स्पष्टीकरण देना होगा। समिति के सूत्रों ने इस बारे में बताया। सूत्रों के मुातबिक भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी की अध्यक्षता वाली डाटा सुरक्षा विधेयक पर संसद की संयुक्त समिति के सामने ट्विटर इंडिया के प्रतिनिधियों ने ‘‘माफी मांगी’’ लेकिन सदस्यों ने उनसे कहा कि यह आपराधिक कृत्य की तरह है क्योंकि इससे देश की संप्रभुता पर सवाल किया गया। इसलिए ‘विपणन शाखा’ ट्विटर इंडिया को नहीं बल्कि ट्विटर इंक को हलफनामा देना होगा। ट्विटर ऐप पर लद्दाख को चीन के भाग के तौर पर दिखाए जाने को लेकर समिति के सदस्यों ने उनसे दो घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की। लेखी ने कहा, ‘‘समिति की सर्वसम्मत राय है कि लद्दाख को चीन के भूभाग के तौर पर दिखाने के संबंध में ट्विटर का स्पष्टीकरण पर्याप्त नहीं है।’’ हालांकि उन्होंने कहा कि ट्विटर के प्रतिनिधियों ने समिति को बताया कि सोशल मीडिया कंपनी भारत की भावनाओं का सम्मान करती है। लेखी ने कहा, ‘‘यह केवल संवेदनशीलता का मामला नहीं है, यह भारत की संप्रभुता और अखंडता का मामला है, लद्दाख को चीनी भाग के तौर पर दिखाना आपराधिक कृत्य के समान है जिसके लिए सात जेल की सजा का प्रावधान है।’’
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।