होम प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद पर सरकार की बड़ी कार्रवाई
प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद पर सरकार की बड़ी कार्रवाई
पूर्व बाहुबली सांसद अतीक अहमद पर योगी सरकार का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. अतीक और उसके करीबियों की डेढ़ दर्जन के करीब इमारतों पर सरकारी बुलडोजर चलाकर उन्हें ज़मींदोज़ किये जाने के बाद प्रयागराज के सरकारी अमले ने अब बाहुबली के ग्यारह बैंक खातों को सीज करा दिया है. खातों को सीज़ करने की कार्यवाही आज औपचारिक तौर पर पूरी कर ली गई. जिन ग्यारह बैंक खातों को सीज कराकर उन्हें कुर्क किया गया है, उनमे सात प्रयागराज और दो -दो नई दिल्ली और यूपी के बलरामपुर जिले में हैं. इन बैंक खातों में तकरीबन पचहत्तर लाख रूपये जमा है.
ग्यारह बैंक खाते सीज
यह वो बैंक खाते हैं, जिनका डिटेल्स अतीक ने अपने चुनावी हलफनामे में दिया था. नई दिल्ली और लखनऊ के एक एक बैंक खातों के पहले से ही सीज़ होने की वजह से उन्हें कुर्क नहीं किया गया है. अतीक के जिन ग्यारह बैंक खातों को सीज किया गया है, उनसे अब पैसों का लेन देन नहीं हो सकेगा. प्रयागराज पुलिस ने बैंक खातों को कुर्क करने की कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत की है. प्रयागराज में जिन बैंकों में चल रहे खातों को सीज किया गया है, उनमे इंडियन बैंक, बैंक आफ बड़ोदा, स्टेट बैंक आफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक शामिल हैं. पुलिस ने खातों को जब्त करने के लिए डीएम से परमीशन मांगी थी. डीएम ने परमीशन देते हुए तीस अक्टूबर तक कार्यवाही पूरी करने और रिपोर्ट करने को कहा था.
अतीक पर सरकार की कार्रवाई जारी
सरकारी अमला इससे पहले अतीक और उसके कई करीबियों की बिल्डिंग्स पर सरकारी बुलडोजर चलाकर उन्हें सीज़ कर चुका है. बाहुबली अतीक इन दिनों गुजरात के अहमदाबाद की जेल में बंद है. कई मामलों में अतीक को मिली जमानत भी निरस्त कराई जा चुकी है. बैंक खातों को सीज करने के लिए पुलिस ने बैंकों को डीएम के अनुमति पत्र के साथ चिट्ठी भी भेजी थी.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।