होम अनुच्छेद 370 को लेकर कांग्रेस पर भड़की भाजपा, बिहार के घोषणा पत्र में उल्लेख करने की दी चुनौती
अनुच्छेद 370 को लेकर कांग्रेस पर भड़की भाजपा, बिहार के घोषणा पत्र में उल्लेख करने की दी चुनौती
जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 बहाल करने की कांग्रेस द्वारा हिमायत करने के एक दिन बाद भाजपा ने शनिवार को उसे बिहार विधानसभा चुनाव के लिये अपने घोषणापत्र में इसका उल्लेख करने की चुनौती दी। साथ ही, भगवा पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी अलगाववादियों की बोल रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस पर बिहार चुनाव से पहले वोट की खातिर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों ने जम्मू कश्मीर में केंद्र के कदम का समर्थन किया है। बिहार विधानसभा के प्रथम चरण का मतदान 28 अक्टूबर को, दूसरे चरण का तीन नवंबर को और तीसरे चरण का मतदान सात नवंबर को होना है। मतगणना 10 नवंबर को होगी। जावड़ेकर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोगों ने देखा है कि जम्मू कश्मीर और लद्दाख में कितनी प्रगति हुई है। फिर भी कांग्रेस वहां कुछ अलगाववादियों के सुर में बोल रही है। कांग्रेस एक संकीर्ण सोच वाली पार्टी हो गई है और यही कारण है कि वह देश में जन भावनाओं के खिलाफ खड़ी है।’’ उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चाहे कोई भी मुद्दा हो, कांग्रेस पाकिस्तान और चीन की सराहना करती है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा बहाल किये जाने के लिए वहां के मुख्य राजनीतिक दलों के गठबंधन बनाने का समर्थन करते हुए शुक्रवार को ट्विटर पर कहा था कि केंद्र सरकार को अनुच्छेद 370 के विशेष प्रावधान हटाने संबंधी फैसलों को निरस्त कर देना चाहिए।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।