होम भूपेंद्र यादव बोले- बिहार में NDA के तीनों दल मिलकर लड़ेंगे चुनाव
भूपेंद्र यादव बोले- बिहार में NDA के तीनों दल मिलकर लड़ेंगे चुनाव
भाजपा ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ मतभेद की अटकलों पर विराम लगाने का प्रयास करते हुए बुधवार को दावा किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तीनों घटक दल साथ मिलकर लड़ेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज पार्टी मुख्यालय में एक लंबी बैठक की। इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी सहित कई नेता शामिल हुए। बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि सभी घटक दलों से सीटों के तालमेल को लेकर बातचीत हो रही है और जल्द ही इस बारे में फैसला ले लिया जाएगा। भाजपा और लोजपा के अलावा जनता दल (यूनाइटेड) राजग के घटक दल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में विकास के कई काम हुए हैं और हम इसी आधार पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा, जद(यू) और लोजपा मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। जीतन राम मांझी, जिन्होंने जद(यू) से हाथ मिलाया है, वह भी साथ रहेंगे। हम तीन-चौथाई बहुमत से फिर से सरकार बनाएंगे।’’ बैठक में शाह की मौजूदगी से संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा ने सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों से अंतिम दौर की बातचीत से पहले अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो जल्द ही सीटों के बंटवारे को लेकर घोषणा की जाएगी और चार या पांच अक्टूबर को पहले चरण के मतदान वाली सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। पहले चरण के तहत राज्य की 243 में से 71 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार को आरंभ हो जाएगी, जो आठ अक्टूबर तक चलेगी। लोजपा नेता चिराग पासवान ने संकेत दिए हैं कि यदि सीटों का ‘‘सम्मानजनक’’ बंटवारा नहीं हुआ तो वह राज्य की 143 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। वर्ष 2015 के चुनाव में लोजपा 42 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और उसे महज दो ही सीटों पर जीत मिल सकी थी। उस चुनाव में जद(यू) महागठबंधन का हिस्सा था।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।