होम RJD नेता कमलेश शर्मा का वायरल वीडियो बना लालू परिवार के लिए सिरदर्द
RJD नेता कमलेश शर्मा का वायरल वीडियो बना लालू परिवार के लिए सिरदर्द
चुनावी सरगर्मियों के बीच आरजेडी नेता का एक वायरल वीडियो आरजेडी परिवार के लिए सिरदर्द बन गया है. दरअसल वायरल वीडियो में आरजेडी नेता कमलेश शर्मा मंच से संबोधन में यह कहते दिख रहे हैं कि जेल में बंद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से उनकी प्रतिदिन फोन पर बात होती रहती है. इसी वाकया को लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है और सत्ता पक्ष विपक्षी पार्टी के मुखिया को कठघरे में खड़ा कर रही है.
जेल से चलता है आरजेडी का संचालन
बिहार की सत्ताधारी पार्टी जेडीयू के प्रवक्ता राजीव रंजन ने आरजेडी पर वार करते हुए कहा कि हम इस बात का पहले से ही आरोप लगाते आ रहे हैं कि आरजेडी का संचालन जेल से ही चलता है. इसका बड़ा प्रमाण कमलेश जैसे नेता ने दे दिया. आगे राजीव ने कहा, ऐसे अनेक लोग हैं, जो लालू यादव से टेलिफोन के जरिये जुड़े हैं. इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से देखना चाहिए. झारखंड सरकार लालू यादव के बैसाखी पर है, उनसे जेल मैनुअल के पालन की उम्मीद नहीं की जा सकती. इसलिए चुनाव आयोग को इसपर संज्ञान लेना चाहिए.
जोश में दे जाते हैं कुछ भी बयान
आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने लालू यादव का बीच बचाव करते हुए कहा हमारे नेता लालू यादव जेल मैनुअल का सदैव पालन करते आए हैं. वहीं तिवारी ने अपने ही नेता पर कटाक्ष करते हुए कहा, कमलेश शर्मा कुछ ही दिन पहले पार्टी में शामिल हुए हैं. जोश में कुछ भी बयान दे जाते हैं. हर किसी को लगता है कि लालू जी का नाम लेने से उनका नाम हो जाएगा. इससे लोगों को लगेगा कि वो पार्टी के भारी- भरकम नेता हैं. कुर्ता पैजामा पहनने से वो उम्मीदवार नहीं बन जाएंगे. उम्मीदवार पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व तय करेगी.
तेजस्वी यादव से होते रहती है बात
वहीं अपनी सफाई में नेता का कहना है कि चूंकि लालू यादव एक बहुत बड़ा नाम है और उनके नाम से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ती है, इसलिए मैंने अपने संबोधन में सुप्रीमों का नाम लिया. उसे लहजे में बोला गया था न कि बात होती है. आगे कमलेश ने कहा, हां चुनाव को लेकर फोन पर मेरी बात तेजस्वी यादव से होती रहती है. वहीं सत्ताधारी नेताओं पर उनका आरोप है कि वो उनकी छवि बिगाड़ने के लिए वीडियो का गलत फायदा उठाते हुए उसे वायरल कर रही हैं.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।