होम बिहार चुनाव: 16 सितंबर को चिराग पासवान ने बुलाई पार्टी सांसदों की बैठक
बिहार चुनाव: 16 सितंबर को चिराग पासवान ने बुलाई पार्टी सांसदों की बैठक
आज पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच करीब 1 घंटे तक बातचीत हुई. बैठक में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई. माना जा रहा है कि बैठक में नीतीश कुमार ने बीजेपी के सामने सीट बंटवारे का एक फार्मूला दिया है, लेकिन नीतीश कुमार को लेकर चिराग पासवान के तेवर लगातार आक्रामक दिखाई दे रहे हैं.
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने 16 सितंबर को अपने सभी सांसदों की बैठक बुलाई है. दिल्ली में होने वाली बैठक में बिहार की राजनीतिक हालात पर चर्चा की जाएगी. सूत्रों के मुताबिक बैठक में उन सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी जिन पर 7 सितंबर को बिहार प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक में चर्चा की गई थी. माना जा रहा है कि चिराग पासवान अपने सभी सांसदों को उस बैठक में हुई चर्चा के बारे में बताएंगे.
7 सितंबर को हुई बैठक में बिहार संसदीय बोर्ड के सभी सदस्यों ने चिराग पासवान को सुझाव दिया था कि पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में नहीं लड़ना चाहिए. उनका तर्क था कि नीतीश कुमार की लोकप्रियता बिहार में काफी गिरी है और लोगों में उनके खिलाफ नाराजगी है.
7 सितंबर को बिहार संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पार्टी के औपचारिक बयान में कहा गया था कि सभी सदस्य बिहार की 143 विधानसभा सीटों पर पार्टी उम्मीदवार उतारने के पक्ष में है. जाहिर है यह सभी वह सीटें हैं जहां बीजेपी के उम्मीदवार खड़े नहीं होंगे. यानि पार्टी के नेता जेडीयू के उम्मीदवारों के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारने के पक्ष में थे. सूत्रों के मुताबिक सांसदों के साथ बैठक में चिराग पासवान इस सुझाव से सभी सांसदों को अवगत कराएंगे. साथ ही इन सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के बारे में भी चर्चा हो सकती है.
आज नीतीश कुमार और जेपी नड्डा के बीच हुई बैठक से बिहार एनडीए में सीटों के बंटवारे पर औपचारिक बातचीत शुरू हो गई है. ऐसे में चिराग पासवान भी अपनी पार्टी की रणनीति तय कर लेना चाहते हैं. संभावना है कि सांसदों के साथ बैठक के बाद चिराग पासवान लोजपा के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक भी जल्द ही बुलाएंगे, जिसमें गठबंधन को लेकर कोई अंतिम फैसला लिया जा सकता है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।