होम देश और दुनिया की तुलना में प्रदेश में कोविड-19 से मृत्यु की दर काफी कम : योगी
देश और दुनिया की तुलना में प्रदेश में कोविड-19 से मृत्यु की दर काफी कम : योगी
उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कल कोविड-19 के 1 लाख 46 हजार टेस्ट किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए टेस्टिंग क्षमता को शीघ्र बढ़ाकर 1 लाख 50 हजार टेस्ट प्रतिदिन किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण को नियंत्रित करने में टेस्टिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए इस कार्य में वृद्धि के प्रयास निरन्तर जारी रखे जाएं।
मुख्यमंत्री बुद्धवार को अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के प्रभावी नियंत्रण के लिए कोरोना से दो कदम आगे की सोच रखनी होगी, क्योंकि यह एक महामारी है। इसकी प्रकृति को समझने के लिए अभी और अध्ययन एवं अनुसंधान की आवश्यकता है। इसके दृष्टिगत उन्होंने कोरोना से ठीक हुए मरीजों की मेडिकल ट्रीटमेंट विधि का अध्ययन किए जाने पर बल देते हुए कहा कि इससे आगे की रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा अपनायी गई रणनीति के परिणामस्वरूप देश और दुनिया की तुलना में प्रदेश में कोविड-19 से मृत्यु की दर काफी कम है। मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए हर सम्भव प्रयास करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए और कारगर रणनीति अपनायी जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी अपने-अपने जनपदों में सर्विलांस, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, डोर-टू-डोर सर्वे एवं मेडिकल टेस्टिंग में वृद्धि करें। कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित करने में इन सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेण्टर द्वारा होम आइसोलेशन में रह रहे संक्रमित मरीजों से नियमित संवाद रखते हुए रोगियों की स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की जाए। कोविड अस्पतालों में मरीजों का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कोविड चिकित्सालयों में रोगियों के उपचार के लिए समस्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।