होम सरकार का दावा, अभी सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में नहीं पहुंचा है भारत
सरकार का दावा, अभी सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में नहीं पहुंचा है भारत
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के बीच सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत कोविड-19 के सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में अभी नहीं पहुंचा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में ओएसडी राजेश भूषण से जब यह पूछा गया कि क्या भारत सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में पहुंच गया है, तो उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य मंत्रालय (हषवर्धन) ने जीओएम के बाद आज भी स्पष्ट किया कि भारत अब भी सामुदायिक स्तर पर संक्रमण के चरण में नहीं पहुंचा है। कुछ भौगोलिक क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर संक्रमण फैला है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हमारे देश के केवल 49 जिलों में कोरोना वायरस संक्रमण के 80 प्रतिशत मामले हैं। यदि 733 से अधिक जिलों वाले देश के49 जिलों में 80 प्रतिशत मामले सामने आए हैं, तो सामुदायिक स्तर पर संक्रमण फैलने की बात करना सही नहीं है।’’भूषण ने कहा कि यदि कोई संक्रमित व्यक्ति पाया जाता है, तो निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उसके संपर्क में आए लोगों का तीन दिन में पता लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत, प्रति 10 लाख लोगों में कोविड-19 संक्रमण के मामले और मौत की संख्या की सबसे कम दर वाले देशों में शामिल है। आईसीएमआर के एक अधिकारी ने बताया भारत में औसतन प्रतिदिन 2.6 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा रही है। देश में जांच की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। भूषण ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त हुए लोगों की संख्या उपचाराधीन संक्रमित लोगों की संख्या से 1.75 गुणा अधिक है। उन्होंने बताया कि भारत में कोविड-19 के कारण मारे गए 53 प्रतिशत लोगों की आयु 60 साल से अधिक है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।