होम अर्थव्यवस्था ठीक करने के लिए जनता पर नहीं लगाएंगे कोई नया कर : योगी आदित्यनाथ
अर्थव्यवस्था ठीक करने के लिए जनता पर नहीं लगाएंगे कोई नया कर : योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि कोरोना संकट के दौरान केन्द्र सरकार द्वारा घोषित आर्थिक पैकेज का सबसे ज्यादा लाभ उनके राज्य को मिला है और राज्य सरकार लॉकडाउन के कारण हुए वित्तीय नुकसान की भरपाई के लिये जनता पर कोई नया कर नहीं लगायेगी। योगी ने यहां आभासी माध्यम से संवाददाताओं से कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा घोषित गरीब कल्याण पैकेज तथा अन्य राहत का सबसे ज्यादा फायदा उत्तर प्रदेश को मिला है। उसी का नतीजा है कि हम अपनी योजनाओं को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा सके हैं।उन्होंने कहा,‘‘... (अनलॉक के तहत) निषिद्ध क्षेत्र को नियंत्रित करते हुए शेष स्थानों पर अधिकतम कार्यों को छूट देने की तैयारी हो रही है। हमारी आर्थिक गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और विगत माह की तुलना में इस माह भी हमें अच्छा राजस्व मिल रहा है। हम जनता पर कोई अलग से कर लगाने के बजाय उसे अधिक से अधिक राहत देने पर ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं।’’ योगी ने दो महीने से ज्यादा के लॉकडाउन के बाद अनलॉक—1 की तैयारियों के बीच कहा ,‘‘ प्रदेश में गतिविधियां धीरे—धीरे आगे बढ़ेंगी लेकिन अभी हमें कुछ समय के लिये तैयार होना होगा। जमावड़ा हर हाल में रोकना होगा। सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों पर सामाजिक तथा मांगलिक कार्यक्रमों में अगर हम इसे नियंत्रित करके चलते हैं तो निश्चित रूपप से हम कोरोना को परास्त करेंगे।’’ उन्होंने माना,‘‘ पिछले 12—15 दिनों में कोरोना संक्रमण के मामले अचानक बढ़े हैं। इसे रोकने के लिये हमने एक लाख के आसपास मेडिकल स्क्रीनिंग टीमें बनायी हैं। हमें कोरोना वायरस की श्रृंखला तोड़ना है और हम बहुत अच्छे ढंग से पूरी व्यवस्था को आगे बढ़ा रहे हैं।’’
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।