होम कोविड-19 : आरपीएफ दे रहा श्रमिकों को कोरोना से लड़ने का प्रशिक्षण
कोविड-19 : आरपीएफ दे रहा श्रमिकों को कोरोना से लड़ने का प्रशिक्षण
रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) दिल्ली में कोरोनावायरस संक्रमण रोकने के लिए पांच हजार से अधिक लोगों की मदद कर रही है। यह लोग ऐसे श्रमिक हैं, जो देशव्यापी लॉकडाउन के लागू होने के बाद दिल्ली से अपने-अपने राज्यों के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। इन श्रमिकों को आरपीएफ न केवल दो वक्त का भोजन मुहैया करा रही है बल्कि इन्हें कोरोना को दूर भगाने के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं। इसके साथ ही संक्रमण को रोकने के लिए आरपीएफ ने खुद सैनिटाइजर तैयार करके इन लोगों को दिए हैं।
श्रमिकों को सोशल डिस्टेंसिंग के माध्यम से कोरोनावायरस को परास्त करने का प्रशिक्षण भी रेलवे पुलिस दे रही है।
दिल्ली में पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली, निजामुद्दीन, आनंद विहार और सफदरजंग रेलवे स्टेशन के अलावा दिल्ली के आधा दर्जन छोटे, बड़े रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ ने निस्सहाय श्रमिकों के भोजन की व्यवस्था की है।
गौरतलब है कि काम धंधे बंद होने के कारण श्रमिकों के समक्ष भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है। हजारों की तादाद में में श्रमिकों ने अपने-अपने गांव की ओर पैदल ही पलायन शुरू कर दिया था, जिससे दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में हजारों श्रमिकों की भीड़ एकत्र हो गई थी। श्रमिकों के इस तरह पलायन से कोरोनावायरस के संक्रमण का खतरा भी कई गुना बढ़ गया था।
सफदरजंग रेलवे स्टेशन थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर नितिन मेहरा ने कहा, "श्रमिकों के पलायन को रोकने के लिए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर आरपीएस द्वारा 5000 से ज्यादा लोगों को दो वक्त का भोजन मुहैया कराया जा रहा है। इस दौरान हम सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ध्यान रख रहे हैं। श्रमिकों को भी सोशल डिस्टेंसिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही भोजन से पहले यहां पहुंचने वाले सभी श्रमिकों के हाथ सैनिटाइजर से साफ करवाए जाते हैं।"
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।