होम ललन सिंह छोड़ेंगे अध्यक्ष पद, खुद रखेंगे नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव; तैयार हो गया प्लान
ललन सिंह छोड़ेंगे अध्यक्ष पद, खुद रखेंगे नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव; तैयार हो गया प्लान
जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से ललन सिंह का जाना लगभग तय हो चुका है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार ललन सिंह जेडीयू अध्यक्ष पद से इस्तीफा देंगे। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद पार्टी की कमान संभालेंगे।
इतना ही नहीं सूत्र तो यहां तक कह रहे हैं कि ललन सिंह खुद जेडीयू अध्यक्ष पद के लिए नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखेंगे। हालांकि ललन सिंह ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा देने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के इशारे पर मीडिया द्वारा एक 'विमर्श' खड़ा किया जा रहा है। दिल्ली में मीडिया से बातचीज के दौरान ललन सिंह ने कहा कि आप कहानी गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जेडीयू एक है और एकजुट रहेगी।
जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की अटकलों के बीच ललन सिंह ने कहा कि यह बैठक नियमित है और उनकी पार्टी एकजुट है। उन्होंने थोड़ा तल्खी के साथ कहा कि अगर मुझे इस्तीफा देना है, तो मैं आपको (मीडियाकर्मियों को) बुलाऊंगा और आपसे परामर्श करूंगा कि त्याग पत्र में क्या लिखना है ताकि आप भाजपा कार्यालय जा सकें और मसौदा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि यह एक नियमित बैठक है।
इससे पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी में उथल-पुथल की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि दिल्ली में जेडीयू की राष्ट्रीय परिषद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एक 'सामान्य और वार्षिक' आयोजन है, जिसमें 'कुछ भी असाधारण' नहीं है। बता दें कि जदयू के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित पार्टी कार्यालय में हो रही है। इसके बाद शुक्रवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। पिछले कुछ दिनों से मीडिया के एक वर्ग में अटकलें लगाई जा रही थीं कि ललन सिंह को सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से कथित निकटता के कारण अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जा सकता है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।