होम पूर्व सांसद अतीक अहमद के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज
पूर्व सांसद अतीक अहमद के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज
प्रयागराज के चिन्हित भूमाफियाओं पर शिकंजा कसने की कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने पूर्व सांसद अतीक अहमद के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज करा दिया है। इससे पूर्व अतीक के भाई अशरफ के खिलाफ पुलिस ने रंगदारी का केस दर्ज किया था। पुलिस रिकॉर्ड देखने से पता चलता है कि अहमदाबाद और बरेली जेल में बंद दोनों भाई वहीं से गैंग ऑपरेट कर रहे हैं। हालांकि अभी तक पुलिस के पास इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि जेल से वह अपने गुर्गों से कैसे संपर्क करते हैं। फोन पर बातचीत होती है या कोई जाकर वहां से मैसेज लाता है। पुलिस का कहना है कि विवेचना प्रचलित है।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता बीएन सिंह ने अतीक अहमद और उनके गुर्गों के खिलाफ धूमनगंज थाने में बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कार्य करने पर मुकदमा दर्ज कराया है। एफआईआर के मुताबिक बीते दिनों चकिया कसारी मसारी में पीडीए ने अभियान चलाया था। अतीक अहमद की प्रॉपर्टी पर अवैध तरीके से बाउंड्री बनाई गई थी। जिसे पीडीए ने गिरा दिया था। इसके बाद फिर से उस पर टीन शेड डालकर निर्माण किया गया था।
यह जानकारी मिलने पर 28 मार्च को पीडीए ने जेसीबी चलवाया था। इसी आधार पर अतीक और उनके गुर्गों पर मुकदमा दर्ज हुआ कि पीडीए से बिना मानचित्र स्वीकृति के वहां निर्माण कार्य किया गया। पीडीए की कार्रवाई के बाद भी अतीक के इशारे पर निर्माण करा लिया गया। धूमनगंज पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अब अतीक अहमद का जेल में बयान दर्ज करेगी। पुलिस की जांच में पता चलेगा कि जेल से कैसे खेल चल रहा है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।