होम तीन जिलों के डीएम समेत कई और आईएएस अफसरों के तबादले, दो दिन में तीसरी सूची जारी
तीन जिलों के डीएम समेत कई और आईएएस अफसरों के तबादले, दो दिन में तीसरी सूची जारी
यूपी की योगी सरकार ने शनिवार को तीन जिलों सीतापुर, आजमगढ़ और हापुड़ के जिलाधिकारियों समेत छह आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। दो दिनों में आईएएस और आईपीएस अफसरों की तीसरी सूची जारी हुई है। दो दिनों में अब तक नौ जिलों के डीएम बदले जा चुके हैं। एसीएस से लेकर प्रमुख सचिव स्तर के कई अफसरों के भी तबादले जल्द होंगे। साथ ही तीन साल से एक ही विभाग में जमे आईएएस अफसरों के विभाग भी बदले जाने की तैयारी है। इसके साथ ही दो आईपीएस भी बदले गए हैं।
शनिवार को हुए तबादलों में अमृत त्रिपाठी को जिलाधिकारी आजमगढ़ के पद से हटाकर प्रतीक्षारत कर दिया गया है। इन पर चुनाव में लापरवाही का आरोप है। विशाल भारद्वाज को डीएम सीतापुर से डीएम आजमगढ़ बनाया गया है। अनुज सिंह डीएम हापुड़ को डीएम सीतापुर व मेधा रूपम अपर आयुक्त मेरठ से डीएम हापुड़ बनाई गई हैं। अस्मिता लाल सीडीओ गाजियाबाद से एसीईओ यूपीसीडा और विक्रमादित्य मलिक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बिजनौर से सीडीओ गाजियाबाद बनाए गए हैं।
एपीसी व अध्यक्ष राजस्व परिषद भी तैनात होगा
इसी महीने कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आलोक सिन्हा कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) व एसीएस ऊर्जा और अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, प्रभात सारंगी स्थानिक आयुक्त उत्तर प्रदेश, मुकुल सिंहल अध्यक्ष राजस्व परिषद और शमीम अहम खान सचिव उच्च शिक्षा के पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसलिए इन पदों पर तैनाती होनी है। इसके लिए पैनल तैयार किया जा चुका है। इसके अलावा जिन अधिकारियों के पास दो-दो महत्वपूर्ण विभाग हैं उनका काम भी हल्का किया जाएगा। एक ही विभाग में तीन साल से अधिक समय से जमे अधिकारियों को हटाकर दूसरे विभागों का दायित्व दिया जाएगा।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।