होम एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य! यूपी के 18 मंडलों को मिला टारगेट, CM योगी करेंगे अभियान की शुरुआत
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रिकॉर्ड स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महाअभियान की शुरुआत लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से करेंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रिकॉर्ड स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महाअभियान की शुरुआत लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से करेंगे। राज्य सरकार ने एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसके लिए सभी 18 मंडलों तथा विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले कुकरैल वन क्षेत्र में पौधरोपण करेंगे। यहां 200 से अधिक पौधे लगाए जाने की योजना है।
इस अवसर पर वन मंत्री अरुण सक्सेना, प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रमुख सचिव और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पर्यावरण दिवस का मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
राज्य सरकार ने इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।
वन विभाग के समन्वय में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान और नगर विकास विभाग मिलकर अमृत सरोवरों, तालाबों, नदियों, नहरों, सड़कों और एक्सप्रेसवे के किनारों पर पौधे लगाएंगे।
इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है।
प्रदेश के सभी 18 मंडलों के लिए अलग-अलग पौधरोपण लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें लखनऊ मंडल को सबसे बड़ा लक्ष्य दिया गया है।
राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों के लिए भी पौधरोपण के लक्ष्य तय किए हैं, ताकि निर्धारित संख्या में पौधे लगाए जा सकें।
इन सभी विभागों को मिलाकर कुल 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य सरकार का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना भी है। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के माध्यम से लोगों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि यदि समाज के सभी वर्ग इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं तो प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भी मदद मिलेगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।