होम UP News: 70 हज़ार से ज्यादा पदों पर भर्ती का ऐलान, सपा ने बताया चुनावी स्टंट
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने जहां पिछले 15 दिनों में लाखों नौकरियों का रास्ता खोलकर युवाओं को साधने की कोशिश की है.
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने जहां पिछले 15 दिनों में लाखों नौकरियों का रास्ता खोलकर युवाओं को साधने की कोशिश की है, वहीं विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव महिला सशक्तिकरण और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नए राजनीतिक नैरेटिव पर दांव लगा रहे हैं। विपक्ष ने भाजपा पर चुनाव आते ही भर्ती का ढोंग करने का आरोप लगाया है।
2027 की लड़ाई में युवाओं और महिलाओं का वोट सबसे बड़ा राजनीतिक हथियार बन चुका है। यूपी सरकार ने पिछले 15 दिनों में कई बड़ी भर्तियों का ऐलान किया है, जिनमें पुलिस से लेकर पीसीएस और होमगार्ड तक के पद शामिल हैं।
प्रमुख भर्तियों का विवरण:
| पद का नाम | पदों की संख्या |
|---|---|
| सब-इंस्पेक्टर (SI) | 4,543 |
| होम गार्ड (Home Guard) | 41,424 |
| कॉन्स्टेबल (Constable) | 22,605 |
| जेल वार्डन (Jail Warden) | 3,000 |
| UPPSC PCS | 920 |
| रिव्यू ऑफिसर (RO) | 411 |
| UPSSSC (VDO, लेखपाल, वन दरोगा आदि) | 50,000+ (जल्द आने वाले हैं) |
ये आंकड़े बताते हैं कि राज्य में लगभग 70 हज़ार के आसपास नौकरियों की घोषणा हो चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन परीक्षाओं के रिजल्ट और जॉइनिंग 2026 के अंत तक हो सकती है, जो राजनीतिक तौर पर एक बड़ा संदेश है।
भाजपा नेता राकेश त्रिपाठी के मुताबिक, "उत्तर प्रदेश में योग्यता के आधार पर बिना भाई-भतीजावाद के भर्ती हो रही है। बड़ी संख्या में भर्तियां आगे भी होंगी। युवाओं को भरोसा है योगी हैं तो यकीन है।"
समाजवादी पार्टी इस राजनीतिक तापमान को महिलाओं के मुद्दों से टक्कर देने के मूड में है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर महिला सांसदों की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कहा कि "PDA में A मतलब आधी आबादी है, और हर स्त्री का सम्मान हमारा संकल्प।" वे ‘स्त्री सम्मान–समृद्धि योजना’ का भी ऐलान कर चुके हैं, जिससे महिला वोटर को लेकर सपा का रुख पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक दिखता है।
सपा नेता पूजा ने कहा कि, "समाजवादी पार्टी लगातार महिलाओं के लिए काम करती आई है। 2012-17 में हमने पेंशन, कन्या विद्याधन, लैपटॉप दिया था। भाजपा सिर्फ़ ₹2000 देकर गुमराह करती है। 2027 में हम महिलाओं के लिए फिर बड़ी योजनाएँ लाएंगे।" वहीं, सपा नेता दीपक रंजन ने भर्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, "युवाओं को काम मिलना अच्छी बात है लेकिन 9 साल में कितनी नौकरियाँ दीं? पेपर हुए, रिज़ल्ट नहीं आए। नौजवान अब हिसाब मांग रहा है।"
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि, "भाजपा चुनाव आते ही नौकरियां निकालने की झूठी नौटंकी करती है... जनता 2027 में जवाब देगी।"
वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेंद्र शुक्ला ने कहा कि, "यूपी में हमेशा युवाओं ने चुनाव का फैसला किया है। 2024 में बेरोज़गारी का नैरेटिव हावी था। अब भाजपा युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश भेजने में लगी है। साथ ही बिहार की तरह महिला वोटर भी निर्णायक बनने वाली है।" उनका मानना है कि 2027 की लड़ाई में MY (मुस्लिम-यादव) का पुराना समीकरण बदलकर “M-Y यानी महिला और यूथ” बन गया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।