होम अब यूपी से उठेगी विनाश की चेतावनी: ब्रह्मोस मिसाइल से मोदी ने पाकिस्तान को ललकारा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से पाकिस्तान को सख्त लहजे में आगाह करते हुए कहा है कि अब आतंक की किसी भी साजिश का जवाब उत्तर प्रदेश की बनी ब्रह्मोस मिसाइल से दिया जाएगा।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से पाकिस्तान को सख्त लहजे में आगाह करते हुए कहा है कि अब आतंक की किसी भी साजिश का जवाब उत्तर प्रदेश की बनी ब्रह्मोस मिसाइल से दिया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा, "अगर इस बार कोई हरकत की गई तो यूपी से निकली ब्रह्मोस पाकिस्तान को तबाह कर देगी।"
प्रधानमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्माण अब लखनऊ में शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि "ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति देखी है। हमारी मिसाइलें और एयर डिफेंस सिस्टम आज आत्मनिर्भर भारत की नई ताकत हैं।"
मोदी ने कहा कि "ब्रहमोस का नाम सुनते ही पाकिस्तान की नींद उड़ जाती है। अब ये मिसाइलें लखनऊ में बनेंगी। यूपी डिफेंस कॉरिडोर में कई बड़ी कंपनियों ने निवेश किया है और आने वाले समय में यहां से बने हथियार सेना की रीढ़ बनेंगे।"
“ऑपरेशन सिंदूर से हमने दुनिया को संदेश दिया है कि भारत अब बर्दाश्त नहीं करेगा। जो भारत पर वार करेगा, उसे पाताल लोक तक खोज कर सजा दी जाएगी।”
प्रधानमंत्री ने यह बात उस समय कही जब वह पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दे रहे थे। "महादेव के आशीर्वाद से हमने अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लिया है," उन्होंने कहा।
मोदी ने कहा, "शिव का मतलब कल्याण है, लेकिन जब आतंकवाद फैलता है, तो महादेव रौद्र रूप धारण करते हैं। ऑपरेशन सिंदूर में आपने वही रौद्र रूप देखा।"
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि "जब देश ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मना रहा था, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं को इससे परेशानी हो रही थी।"
मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर को "तमाशा" कहा, जो शहीदों और हमारी बहनों के सिंदूर का अपमान है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता पर कटाक्ष करते हुए कहा, "क्या हमें उनसे पूछकर हमला करना चाहिए कि अभी करना है या बाद में?"
उन्होंने याद दिलाया कि यूपी में सत्ता में रहते हुए कुछ दलों ने आतंकियों को बचाने का काम किया था।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।