होम PM Modi Government: सत्ता में 12 साल पूरे होने पर BJP का शक्ति प्रदर्शन, अमित शाह बोले- बिना एक दिन छुट्टी लिए देश की सेवा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सत्ता में अपने 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए इसे देश के विकास और जनकल्याण का महत्वपूर्ण दौर बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सत्ता में अपने 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए इसे देश के विकास और जनकल्याण का महत्वपूर्ण दौर बताया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश ने गरीब कल्याण और तेज विकास को एक साथ आगे बढ़ते देखा है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, 'नरेंद्र मोदी जी ने आज के ही दिन तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी.'
अमित शाह ने आगे लिखा, 'मोदी जी के नेतृत्व में इन 12 वर्षों में देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को समांतर रूप से चरितार्थ होते देखा है. चाहे 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना हो या देशभर में 90 से अधिक एयरपोर्ट और 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें शुरू करनी हों, चाहे 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर देने हों या 1.45 लाख किलोमीटर सड़कें और 3000 किमी आधुनिक एक्सप्रेसवे बनाने हों. चाहे 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और 10 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन देने हों या भारत को दुनिया में सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था बनाना हो.'
गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए लिखा, 'मोदी जी ने अपने अथक परिश्रम से इन 12 वर्षों में एक भी दिन अवकाश लिए बिना देश और देशवासियों की सेवा की है. जब नेतृत्व की नीयत साफ हो, लक्ष्य राष्ट्रहित हो और समर्पण पूर्ण हो, तभी ऐसे परिवर्तन संभव होते हैं.'
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को परिवर्तनकारी बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "12 साल पहले नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर एक नए युग का सूत्रपात किया था. वे देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं."
उन्होंने कहा कि इस अवधि में गरीबों के कल्याण, किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, डिजिटल क्रांति और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली है।
नितिन नवीन ने अपने संदेश में कई बड़े राजनीतिक और सांस्कृतिक फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा, 'इस अवधि में गरीब कल्याण, अन्नदाता समृद्धि, नारी शक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं के लिए अवसर, स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास, डिजिटल परिवर्तन और आधारभूत संरचना के अभूतपूर्व विस्तार को नई गति मिली है. अनुच्छेद 370 का ऐतिहासिक निरसन, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण व सनातन सांस्कृतिक विरासत के पुनर्स्थापन ने राष्ट्र की अस्मिता, आत्मगौरव और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की है.'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली का मूल आधार सेवा और समर्पण रहा है। उन्होंने लिखा, 'इस परिवर्तनकारी यात्रा के केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी का प्रधानसेवक भाव और सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता रही है. इसी प्रेरणा के साथ हम सभी 'विकसित भारत 2047' के सामूहिक स्वप्न को साकार करने हेतु अपने सामूहिक प्रयासों के साथ पूर्ण रूप से संकल्पित हैं.'
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके नेतृत्व में भाजपा ने लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाई। प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल भारतीय राजनीति के सबसे लंबे कार्यकालों में शामिल हो चुका है और वह लंबे समय तक देश का नेतृत्व करने वाले प्रमुख प्रधानमंत्रियों में गिने जाते हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।