होम मेरठ में 2 जनवरी को UP की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की नींव रखेंगे पीएम मोदी
मेरठ में 2 जनवरी को UP की पहलीस्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की नींव रखेंगे पीएम मोदी
यूपी का पहला खेल विश्वविद्यालय, मेजर ध्यानचंद उत्तर प्रदेश राज्य खेल विश्वविद्यालय मेरठ के सरधना तहसील के सलावा में बनाये जाने की तैयारी लगभग पूर्ण हो चुकी है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही कर चुके थे। करीब 573.90 करोड़ की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय दो साल में तैयार हो जाएगा। अब 2 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सलावा आकर यहां यूपी की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम तय होते ही कमिश्नर ने पुलिस व प्रशासन व संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और कार्यक्रम की तैयारियों को तेजी से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। इस यूनिवर्सिटी में खिलाड़ियों को खेल के मैदान और खेलने की तकनीक की जानकारी मिलेगी। साथ ही यहां युवाओं को खेलों में पढ़ाई और शोध भी कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी के खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की है। यह विश्वविद्यालय मेरठ के सरधना विधानसभा के सलावा में बनना तय हुआ है। कैबिनेट से स्वीकृति के साथ ही बजट में भी यह विश्वविद्यालय शामिल हो गया है। केन्द्रीय मंत्री डा.संजीव बालियान, विधायक संगीत सोम, कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह, आईजी प्रवीण कुमार ने कार्यक्रम के तय होते ही सलावा पहुंच कर कार्यक्रम स्थल का मुआयना किया। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी है। कार्यक्रम स्थल वर्तमान में भाजपा से संगीत सोम यहां से विधायक हैं और डॉ. संजीव बालियान का संसदीय क्षेत्र पड़ता है।
गुरुवार को शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह ने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के साथ कमिश्नरी सभागार में बैठक की। कमिश्नर ने कहा कि दो जनवरी को सलावा गांव में शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। कमिश्नर ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह बेहतर तरीके से करें।
आपको बता दे की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनवरी 2021 को मेरठ में खेल विवि पर मुहर लगाई थी। 29 अगस्त 2021 को राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री ने खेल विवि का नाम मेजर ध्यानचंद विवि रखने की घोषणा की। खेल विवि 573.90 करोड़ की लागत से तैयार होगा।
मेरठ के सरधना तहसील के सलावा में बनने वाले यूपी के पहले खेल विश्वविद्यालय में ये होगा...
- प्रशासनिक भवन, शैक्षिक कक्षाएं, छात्रावास, मैस, आवासीय परिसर, लाईब्रेरी, सिंथेटिक रनिंग ट्रैक
- 35000 दर्शकदीर्घा के साथ स्टेडियम
- 5000 दर्शकों की क्षमता का बहुउद्देशीय हॉल व ऑडिटोरियम
- 06 सिंथेटिक लॉन टेनिस कोर्ट, फुटबॉल मैदान, हॉकी एस्ट्रोटर्फ, ओलम्पिक साइज तरणताल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल कोर्ट
- विश्वविद्यालय हेतु आरक्षित भूमि 36.9813 हेक्टेयर
- प्रथम वर्ष में विभिन्न खेलों में 360 (पुरुष-180 व महिला-180) छात्र-खिलाड़ियों का होगा प्रवेश
- विवि द्वारा खेल में त्रिवर्षीय बैचलर इन स्पोर्टस की डिग्री प्रदान की जाएगी। अन्य विवि में चल रहे कोर्स फिजियोलॉजी, न्यूट्रीशियन स्पोर्टस-होम साइंस, मॉस कम्युनिकेशन, जर्नलिज्म, स्पोर्ट्स इवेंट मेडिकल स्पोटर्स का भी संचालन होगा।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।