होम Meghalaya Honeymoon Murder Case: सोनम रघुवंशी गिरफ्तार, पति की सुपारी देकर करवाई हत्या!
Meghalaya Honeymoon Murder Case: सोनम रघुवंशी गिरफ्तार, पति की सुपारी देकर करवाई हत्या!
Meghalaya Honeymoon Murder Case: मेघालय की हसीन वादियों में हनीमून मनाने पहुंचे इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या के रहस्य से आखिरकार पर्दा उठ गया है। इस मामले में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मेघालय पुलिस की डीजीपी एल.आर. बिश्नोई (I Nongrang) ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने इस जघन्य अपराध की सफलतापूर्वक जांच के लिए मेघालय पुलिस की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
"राजा रघुवंशी हत्याकांड में 7 दिन के भीतर मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मध्य प्रदेश के तीन हमलावर गिरफ्तार किए जा चुके हैं, महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। वेल डन टीम!"
इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने ही रची थी। पुलिस के अनुसार, सोनम ने मध्य प्रदेश के तीन लोगों को सुपारी देकर पति की हत्या करवाई थी। इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने देर रात इंदौर से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ में सोनम के गाजीपुर में छिपे होने की जानकारी मिली।
इसके बाद मेघालय पुलिस ने तुरंत गाजीपुर पुलिस से संपर्क किया। एक संयुक्त कार्रवाई में काशी पान जायका नामक ढाबे पर दबिश दी गई, जहां सोनम छिपी मिली। पूछताछ के दौरान उसने आत्मसमर्पण कर दिया। उसके साथ मौजूद एक अन्य हमलावर को भी पुलिस ने वहीं से गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोनम रघुवंशी के पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा,
"मेरी बेटी ढाबेवाले के पास गई थी, वहीं से उसने घर फोन किया और बहुत रो रही थी। उसी समय पुलिस उसे वहां से लेकर गई।"
उन्होंने यह भी जोड़ा,
"पुलिस झूठ बोल रही है। मेरी बेटी ऐसा क्यों करेगी? अगर उसे कुछ गलत करना होता तो वह घूमने (मेघालय) क्यों जाती?"
फिलहाल, मेघालय पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। वहीं सोनम और अन्य आरोपियों को जल्द ही न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की संभावना है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।