होम Kannauj में कार से मिला 10KG Gold, कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान, 15.39 करोड़ का सोना बरामद
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पुलिस चेकिंग के दौरान एक दुर्घटनाग्रस्त कार से भारी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। तालग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ब्रेजा कार की तलाशी ली तो उसके अंदर पीली धातु की 10 ईंटें मिलीं।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पुलिस चेकिंग के दौरान एक दुर्घटनाग्रस्त कार से भारी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। तालग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ब्रेजा कार की तलाशी ली तो उसके अंदर पीली धातु की 10 ईंटें मिलीं। जांच में यह धातु 24 कैरेट शुद्ध सोना निकली, जिसका वजन 10 किलो 26 ग्राम यानी 10.026 किलोग्राम बताया गया है। बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये बताई गई है।
यह मामला 22 अगस्त 2026 का है। सकरावा पुलिस टीम कांवड़ ड्यूटी और चेकिंग पूरी करने के बाद वापस लौट रही थी। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक ब्रेजा कार ने पुलिस की सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद तालग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार घटनास्थल से करीब 100 मीटर आगे खड़ी मिली। कार में दो लोग मौजूद थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम संदीप जायसवाल, निवासी महाराजगंज और सरोज पन्त, निवासी नेपाल बताया।
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को एक बैग मिला, जिसमें पीली धातु की 10 ईंटें रखी हुई थीं। इतनी बड़ी मात्रा में धातु मिलने के बाद पुलिस ने दोनों लोगों से सोने से संबंधित बिल, लाइसेंस और अन्य वैध दस्तावेज मांगे।
पुलिस के मुताबिक, दोनों व्यक्ति बरामद सोने से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सोने की वास्तविकता और शुद्धता की जांच के लिए SBI के अधिकृत Gold Valuer को मौके पर बुलाया गया।
मूल्यांकन में बरामद धातु 24 कैरेट शुद्ध सोना पाई गई। इसका कुल वजन 10.026 किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये आंकी गई।
कार से इतनी बड़ी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने GST टीम को भी मौके पर बुलाया। GST अधिकारियों ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की और सोने से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि 10 किलो से अधिक सोना बरामद होने के बाद GST और कस्टम विभाग को सूचना दी गई थी। दोनों विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और आरोपियों से पूछताछ करने के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, बरामद 10.026 किलोग्राम सोना नियमानुसार कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि सोना कथित तौर पर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। अब मामले की आगे की जांच और संबंधित कानूनी कार्रवाई कस्टम विभाग की ओर से की जाएगी।
इस बरामदगी के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में 24 कैरेट सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले में आगे की जांच के आधार पर सोने के स्रोत और इसके परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकता है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।