होम बीएस येदियुरप्पा पर भाजपा में फिर टकराव? खुद ही बेटे की सीट का ऐलान करने पर ऐतराज
बीएस येदियुरप्पा पर भाजपा में फिर टकराव? खुद ही बेटे की सीट का ऐलान करने पर ऐतराज
कर्नाटक में तारणहार के तौर पर देख रहे बीएस येदियुरप्पा को लेकर भाजपा में टकराव बढ़ता जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने येदियुरप्पा द्वारा अपने बेटे की सीट का ऐलान करने पर आपत्ति जताई है।
येदियुरप्पा ने घोषणा की थी कि उनका बेटा बीवाई विजयेंद्र शिकारीपुरा विधानसभा से चुनाव लड़ेगा। इस पर सीटी रवि का कहना है कि किसी को टिकट देने का फैसला घर या किचन से नहीं किया जा सकता है। सीटी रवि विजयपुरा में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
किचन में नहीं तय होगा टिकट
सीटी रवि ने कहा कि किसी को इसलिए नहीं टिकट मिलना चाहिए कि वह किसी अहम नेता का बेटा है। टिकट देने का फैसला भी ऐसे लोगों को नहीं करना चाहिए। बाद में उन्होंने विजयेंद्र पर बोलते हुए कहा कि जीत के फैक्टर को देखते हुए ही तय होगा कि टिकट किसे मिलेगा। रवि ने कहा कि किसे टिकट मिलेगा, इस बात का फैसला भाजपा की संसदीय बोर्ड द्वारा किया जाएगा। यह किसी के किचन से तय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि टिकट देने से पहले बाकायदा सर्वे होगा और सर्वे किसी बड़े नेता के परिवार में नहीं होगा। गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में बीएस येदियुरप्पा ने राजनीति से संन्यास का संकेत दिया था। साथ ही यह भी ऐलान किया था कि 2023 के विधानसभा चुनाव में उनका बेटा बीवाई विजयेंद्र शिकारीपुरा विधानसभा से उम्मीदवार होगा। बाद में 24 फरवरी को येदियुरप्पा ने कहा कि राष्ट्रीय नेता जहां से कहेंगे विजयेंद्र वहां से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हो सकता है वह सीट शिकारीपुरा हो।
बोम्मई को बनाया गया चुनाव प्रचार प्रभारी
गौरतलब है कि हाल ही में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के कैंपेन कमेटी का प्रमुख बनाया गया है। इस कदम को येदियुरप्पा के दशकों से प्रदेश भाजपा पर रहे प्रभाव को हटाने के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले भाजपा ने येदियुरप्पा को चुनाव में अहम रोल दिए जाने का संकेत दिया था। कर्नाटक में पीएम मोदी ने उन्हें जबर्दस्त तरजीह दी थी। इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेश की यात्रा के दौरान कहा था कि पीएम मोदी को येदियुरप्पा पर भरोसा है। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा था कि वह कर्नाटक में पार्टी को बहुमत दिलाकर येदियुरप्पा का सपना पूरा करें।
विजयेंद्र के उभरने का डर
पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से इन तारीफों के बीच ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि येदियुरप्पा को भाजपा की चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाया जाएगा। लेकिन शुक्रवार को पार्टी ने यह जिम्मेदारी बोम्मई को दे दी और येदियुरप्पा को उनके अंडर में समिति का सदस्य बना दिया। एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि येदियुरप्पा को इस कमेटी का मुखिया बनाए जाने का विरोध हो रहा था। ऐसा माना जा रहा था कि अगर येदियुरप्पा चुनाव प्रचार समिति के मुखिया बनते हैं तो उनके छोटे बेटे विजयेंद्र और मजबूत हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी हालत में विजयेंद्र के पास ही कमान रहती। इस भाजपा नेता के मुताबिक जब येदियुरप्पा मुख्यमंत्री थे तब भी कहा जाता था कि विजयेंद्र ही प्रशासन चला रहे हैं। इसका विरोध भी हुआ था।
कांग्रेस ने कही यह बात
इस बीच कर्नाटक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सीटी रवि के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा में येदियुरप्पा को किनारे लगाने की साजिश है। डीके शिवकुमार ने कहा कि यह भाजपा का अंदरूनी मामला है। भाजपा में लंबे समय से इस पर बहस चल रही है। यह उनकी पार्टी की अंदरूनी साजिश है, कांग्रेस का इससे कुछ लेना-देना नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि लोगों ने येदियुरप्पा का चेहरा देखकर भाजपा को वोट दिया। अब येदियुरप्पा के आंसू प्रदेश की राजनीति को बदल देंगे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।