होम प्रदेश की बेटियों के लिए योगी सरकार ने खोला खजाना, शिक्षा और सुरक्षा पर जोर
प्रदेश की बेटियों के लिए योगी सरकार ने खोला खजाना, शिक्षा और सुरक्षा पर जोर
योगी सरकार ने बुधवार को विधानसभा में बजट पेश किया। यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट पेश करते हुए प्रदेश की बेटियों के लिए खजाना खोल दिया। लड़कियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए पहले से ज्यादा धन खर्च किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि बालिकाओं के प्रति आमजन की सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में हर लाभार्थी को 15,000 तक की धनराशि दी जा रही है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2023-2024 के लिए 1050 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।
इसके अलावा सभी वर्गों की बेटियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन हो रहा है। इसके लिए 600 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है। अन्य पिछड़ा वर्ग के निर्धन व्यक्तियों की बेटियों की शादी अनुदान योजना के लिए 150 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है।
ग्रामीण महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए महिला सामर्थ्य योजना के अन्तर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गठन किया जाता है। योजना हेतु वित्तीय वर्ष 2023-2024 के बजट में 83 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।
निराश्रित विधवाओं के भरण-पोषण अनुदान योजनान्तर्गत वर्तमान में 32 लाख 62 हजार निराश्रित महिलाओं को पेंशन दी जा रही है। इस हेतु वर्ष 2023 2024 के बजट में 4032 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित हैं।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। प्रदेश में जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम आदि संचालित हैं।
प्रदेश में नियमित टीकाकरण के अंतर्गत अक्टूबर, 2022 तक 95 प्रतिशत बच्चों को टीका लगाया गया। मिशन इन्द्र धनुष के अंतर्गत 36 लाख 82 हजार से अधिक बच्चों एवं 10 लाख 31 हजार से अधिक गर्भवती माताओं का टीकाकरण किया गया।
प्रदेश में कानून एवं शान्ति व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनश्चित करने के लिए 3 महिला पीएसी बटालियन का गठन किया जा रहा है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।