होम उसूलों के साथ कोई समझौता नहीं... भाजपा विधायक अदिति सिंह की पोस्ट से रायबरेली से लखनऊ तक हलचल
उसूलों के साथ कोई समझौता नहीं... भाजपा विधायक अदिति सिंह की पोस्ट से रायबरेली से लखनऊ तक हलचल
रायबरेली में राहुल गांधी के उतरने और प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार की पूरी कमान संभाल लेने के बाद से यहां की राजनीति गरमाई हुई है। इस बीच रायबरेली सदर से भाजपा विधायक अदिति सिंह की एक पोस्ट ने शनिवार को रायबरेली से लखनऊ तक हलचल पैदा कर दी।
अदिति ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि, उसूलों के साथ कोई समझौता नहीं। इस पुरानी तस्वीर में अदिति अपने स्वर्गीय पिता अखिलेश सिंह के कंधे पर सिर रखे हुए दिख रही हैं। अदिति के इस ट्वीट को लेकर कयासबाजी और चर्चाओं का बाजार गर्मा उठा है। यह ट्वीट भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की पार्टी विधायकों को प्रत्याशियों को जिताने की नसीहत के 48 घंटे के भीतर सामने आया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी रविवार को रायबरेली पहुंचने वाले हैं।अदिति सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रही हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुईं और विधायक बनीं। अदिति के भाजपा में शामिल होने पर उनके पति अंगद का कांग्रेस ने पंजाब की नवाशहर से टिकट काट दिया था। इस पर वह निर्दल मैदान में उतरे लेकिन हार गए थे। कुछ समय बाद वह फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अब अदिति के पोस्ट से तरह तरह के कयास लग रहे हैं।इस लोकसभा चुनाव में विधायक अदिति सिंह के तीखे तेवर सामने आए हैं। अदिति ने चुनाव प्रचार से भी पूरी तरह दूरी बना रखी है। यह बात रायबरेली में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में पांचवें चरण की सीटों को लेकर विधायकों और एमएलसी की बैठक की थी।बैठक में अदिति सिंह भी मौजूद थीं। नड्डा ने सभी विधायकों से पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से जुटने को कहा था। बैठक के बाद अदिति सिंह मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना ही सीधे निकल गई थीं। अब गृहमंत्री अमित शाह के चुनाव प्रचार में रायबरेली पहुंचने से पहले उनका यह पोस्ट सामने आया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।