होम मुंबई में टूटे कोरोना वायरस के अब तक के सारे रिकॉर्ड,
मुंबई में टूटे कोरोना वायरस के अब तक के सारे रिकॉर्ड,
मुंबई. मुंबई में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 8646 नए मामले सामने आए. यह मुंबई में आया अब तक का सबसे अधिक मामला है. स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी. इस दौरान महामारी से 18 और मरीजों की मौत हो गई, जबकि 5031 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. मुंबई में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 4,23,360 हो गए हैं और अब तक 3,55,691 लोग बीमारी से ठीक हो चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोविड-19 से अब तक 11,704 मरीजों की मौत हो चुकी है और अभी 55,005 मरीज उपचाराधीन हैं.
दूसरी ओर, मुंबई में इस साल मार्च में कोविड-19 के 88,710 मामले सामने आए हैं, जो कि फरवरी में सामने आए कुल मामलों से 475 फीसदी ज्यादा है. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी. इस साल शहर में फरवरी के महीने में 18,359 मामले सामने आए थे, वहीं जनवरी में यह आंकड़ा 16,328 था. इसका मतलब हुआ कि मार्च में मुंबई में पिछले महीने की तुलना में 70,351 ज्यादा मामले सामने आए. वहीं, जनवरी की तुलना में 72,382 ज्यादा मामले सामने आए.
आंकड़ों के अनुसार, मार्च में संक्रमण की वजह से यहां 216 लोगों की जान गई, जबकि फरवरी में 119 लोगों की मौत हुई थी. फरवरी की तुलना में मार्च का आंकड़ा 181 फीसदी ज्यादा है. जनवरी में संक्रमण से 237 लोगों की मौत हुई थी. शहर में 31 मार्च तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,14,714 हो गई थी, जबकि मृतकों की संख्या 11,686 तक पहुंच गई थी.
बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च को यहां 51,411 मरीजों का उपचार चल रहा था, जबकि फरवरी के अंत में सिर्फ 9,715 मरीजों का उपचार हो रहा था. मुंबई में संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ ही मार्च के अंत में स्वस्थ होने की दर घटकर 85 फीसदी रह गई थी, जबकि फरवरी के अंत में यह 93 प्रतिशत था.
आंकड़ों के अनुसार संक्रमण में वृद्धि दर फरवरी के अंत में दर्ज 0.28 प्रतिशत से बढ़कर मार्च अंत तक 1.37 प्रतिशत हो गया. वहीं मामले दोगुने होने की अवधि भी 245 से घटकर 49 दिन हो गई. मुंबई में मध्य फरवरी से संक्रमण के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जाने लगी थी, लेकिन उस समय मृतकों की संख्या में ज्यादा वृद्धि नहीं थी. हालांकि, पिछले सप्ताह से चिंताजनक तरीके से मृतकों की संख्या भी बढ़ने लगी है, शहर में अब तक टीके की 11.52 लाख से ज्यादा खुराक लोगों को दी जा चुकी है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।