होम बंगाल बीजेपी में टिकट बंटवारे पर रार, पार्टी ने नेताओं को तत्काल दिल्ली बुलाया
बंगाल बीजेपी में टिकट बंटवारे पर रार, पार्टी ने नेताओं को तत्काल दिल्ली बुलाया
नई दिल्ली. बंगाल बीजेपी में टिकट बंटवारे पर मची रार को देखते हुए पार्टी ने तुरंत राज्य के बड़े नेताओं को आज रात दिल्ली पहुंचने को कहा है. पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक बुधवार को दस बजे होगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी ने बंगाल बीजेपी के सभी नेताओं को आज की रात फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंचने को कहा है. माना जा रहा है कि पार्टी ने ये फैसला चुनावी उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद पार्टी में मची अंदरूनी रार को देखते हुए लिया है. बीजेपी ने बंगाल में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए बंगाल में आक्रामक अभियान छेड़ रखा है. बीजेपी के जिन नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है, उनमें मुकुल रॉय और दिलीप घोष जैसे नेता भी शामिल हैं. इन्हें तुरंत दिल्ली पहुंचने को कहा गया है. सूत्रों ने सीएनएन-न्यूज18 को इस बारे में जानकारी दी है. दरअसल चर्चाओं का बाजार गर्म है कि दोनों नेताओं को पार्टी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतार सकती है.
बंगाल बीजेपी में क्यों मची रार
बता दें कि पश्चिम बंगाल भाजपा में पुराने नेताओं और पार्टी का हाल ही में दामन थामने वाले लोगों के बीच तकरार रविवार को खुलकर सामने आई. राज्य विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर कई लोगों ने भगवा पार्टी के प्रति नाराजगी जताई और इस्तीफा दे दिया. साथ ही, राज्यभर में कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी किये गये. तृणमूल कांग्रेस छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुए सोवन चट्टोपाध्याय और उनके साथ बैसाखी बंदोपाध्याय ने भी टिकट नहीं मिलने पर भगवा पार्टी छोड़ दी. चट्टोपाध्याय कई दशकों से बेहाला पूर्व सीट का प्रतिधित्व करते आ रहे हैं, हालांकि यहां से पायल सरकार को टिकट दे दिया गया, जो हाल में पार्टी में शामिल हुई हैं.
बाबुल सुप्रियो को टॉलीगंज से टिकटप्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष को भेजे इस्तीफे में चट्टोपाध्याय ने भाजपा पर अपमानित करने का आरोप लगाया. भाजपा ने पश्चिम बंगाल में तीसरे और चौथे चरण के तहत 75 सीटों पर होने वाले मतदान के मद्देनजर रविवार को 63 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी. राज्य में आठ चरणों में चुनाव हो रहे हैं. उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए भाजपा महासचिव अरूण सिंह ने बताया कि बाबुल सुप्रियो टॉलीगंज से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, जबकि बंगाली अभिनेत्री और हुगली से सांसद लॉकेट चटर्जी को पार्टी ने उनके ही संसदीय क्षेत्र की चुंचुड़ा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।