होम अमरिंदर सिंह का दिल्ली के सीएम पर आरोप, कहा-किसान आंदोलन का राजनीतिक लाभ ले रहे केजरीवाल
अमरिंदर सिंह का दिल्ली के सीएम पर आरोप, कहा-किसान आंदोलन का राजनीतिक लाभ ले रहे केजरीवाल
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर किसानों के चल रहे आंदोलन का राजनीतिक दोहन करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपनी पार्टी के चुनावी एजेंडे को बढ़ाने के लिए ‘झूठ और झूठे प्रचार’ का सहारा ले रहे हैं. उन्होंने कहा, “दिल्ली में केजरीवाल सरकार के ठीक उलट, जो कॉरपोरेट घरानों के टुकड़ों पर पनप रही है, पंजाब सरकार ने न तो अडानी पावर के साथ कोई समझौता किया है और न ही राज्य में बिजली खरीद के लिए किसी के साथ बोली लगाई है.”
अमरिंदर सिंह ने कहा, यह वास्तव में केजरीवाल सरकार थी जो बेशर्मी से 23 नवंबर को काले कृषि कानूनों को अधिसूचित कर रही थी, ऐसे समय में जब किसान कृषि कानूनों का विरोध करने के लिए दिल्ली तक मार्च करने की तैयारी कर रहे थे. उन्होंने कहा, “और अब वे यह घोषणा करके नाटक कर रहे हैं कि वे सोमवार को किसानों की भूख हड़ताल के समर्थन में उपवास पर रहेंगे.”
उन्होंने कहा, “क्या आपको कोई शर्म नहीं है? ऐसे समय में जब हमारे किसान आपके शहर के बाहर की सड़कों पर ठंड का सामना कर रहे हैं, और अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं, आप ये सोच रहे हैं कि मौके का कैसे ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाया जाए?”
अमरिंदर सिंह ने कहा, “प्रदर्शनकारी किसानों की मदद के लिए कुछ भी रचनात्मक करने के बजाय, जो पिछले 17 दिनों से दिल्ली शहर के बाहर बैठे हैं, आप और आपकी पार्टी राजनीति करने में व्यस्त हैं.” भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “पंजाब में बिजली खरीद पर बिना तथ्य जाने कुछ भी बोल देते हैं. आखिरकार वो एक कॉमेडियन ही तो हैं, जिन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता.”
यह बताते हुए कि पंजाब सालों से बुवाई के मौसम में किसानों के लिए अतिरिक्त बिजली खरीदता रहा है, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्पष्ट है कि केजरीवाल और उनकी पार्टी को न तो यह पता है कि बुवाई कैसे होती है या किसानों की जरूरतें क्या हैं. उन्होंने कहा कि वे अपने निहित राजनीतिक हितों के लिए किसानों की दुर्दशा का फायदा उठा रहे हैं.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।