होम CM केजरीवाल ने कहा- मुझे खुशी है कि PM मोदी ने भी की दिल्ली के माॅडल की तारीफ
CM केजरीवाल ने कहा- मुझे खुशी है कि PM मोदी ने भी की दिल्ली के माॅडल की तारीफ
दिल्ली सरकार ने कोविड-19 से ग्रसित लोगों के लिए आईएलबीएस अस्पताल के बाद अब एलएनजेपी अस्पताल में भी प्लाज्मा बैंक शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्लाज्मा बैंक का शुभारंभ किया। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। केजरीवाल ने कहा कि सभी के सहयोग की वजह से दिल्ली में कोरोना की स्थिति धीरे-धीरे सुधर रही है।
केजरीवाल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने भी दिल्ली के माॅडल की तारीफ की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही अस्पतालों में कुछ दिनों तक बेड खाली रह जाएं, फिर भी हमारी तैयारी जारी रहेगी। यदि केस बढ़ता है तो हम उसके लिए तैयार हैं। हमारे पहले प्लाज्मा बैंक की भारी सफलता के बाद आज हमने एलएनजेपी अस्पताल में दिल्ली का दूसरा प्लाज्मा बैंक शुरू किया है।
केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज एलएनजेपी अस्पताल में डाॅक्टर सुरेश और उनकी पूरी टीम ने दिल्ली का दूसरा प्लाज्मा बैंक शुरू किया है। दिल्ली देश का पहला राज्य था, जहां आईएलबीएस अस्पताल में पहला प्लाज्मा बैंक शुरू किया गया था। अब कुछ दिन के अंदर ही यह दूसरा प्लाज्मा बैंक शुरू हुआ है। जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती है, तब लोगों की जान बचाने में प्लाज्मा मददगार साबित हो सकता है। हम ऐसा नहीं कह रहे हैं कि 100 प्रतिशत लोगों की जान बच सकती है, फिर भी काफी लोगों की जान बचाने में मददगार साबित हो सकता है।
केजरीवाल ने कहा कि पिछले एक महीने में दिल्ली के लोगों, डाॅक्टर, नर्सें, पैरामेडिकल स्टाफ, दिल्ली व केंद्र सरकार, धार्मिक और स्वयं सेवी संस्थाओं ने मिल कर बहुत शानदार काम किया है। इसकी वजह से दिल्ली में कोरोना की स्थिति धीरे-धीरे सुधर रही है। मरीजों के ठीक होने की दर बहुत तेजी से बढ़ रही है। पहले 100 टेस्ट करते थे, तो उनमें से 35 लोग पाॅजिटिव आते थे और अब हम 100 टेस्ट कर रहे हैं, तो 7 या 8 लोग पाॅजिटिव मिलते हैं। दिल्ली में मौतें भी बहुत कम हुई हैं। जून के मध्य में प्रतिदिन लगभग 101 मौतें हो रही थीं। अब लगभग करीब 40 मौत हो रही हैं और उसे भी हम सभी को मिल कर कम करना है। दिल्ली में केस दोगुना होने की दर लगातार बढ़ती जा रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।