होम केरल में सोने की तस्करी मामले में गृह मंत्रालय ने दिए एनआईए जांच के आदेश
केरल में सोने की तस्करी मामले में गृह मंत्रालय ने दिए एनआईए जांच के आदेश
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के मामले में एनआईए (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की जांच के आदेश दे दिए हैं. गृह मंत्रालय ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है.
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता के ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में लिखा गया है कि यह एक संगठित तस्करी का अभियान है जिसके राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं.
क्या है मामला
केरल में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं लेकिन फ़िलहाल केरल में सोने की तस्करी का एक मामला छाया हुआ है. सोने से प्रेम केरल वासियों का वैसे भी बहुत ख़ास रहा है.
रविवार को तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीमा शुल्क अधिकारियों ने क़रीब 30 किलो सोना बरामद किया था. इसकी क़ीमत क़रीब 13.5 करोड़ बताई जा रही है.
यह सोना डिप्लोमैटिक चैनल के ज़रिए राजनयिक बैग में रखकर लाया जा रहा था. लेकिन यह मामला इतना तूल पकड़ता जा रहा है कि इसने कोरोना संक्रमण से सबका ध्यान हटा दिया है.
जो व्यक्ति यह सोना लेने गया था उसकी पूछताछ से एक रहस्यमय लेकिन शक्तिशाली महिला का नाम सामने आ रहा है. ये मामला कितना अहम होता जा रहा है इसका इसी बात से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री पी. विजयन को अपने प्रधान सचिव एम. शिवशंकर को उनके पद से हटाना पड़ा.
पिछले दो साल में पहली बार कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ़ ने मुख्यमंत्री के इस्तीफ़े की माँग की है. कांग्रेस ने सीएम के प्रधान सचिव और उस रहस्यमय महिला के बीच कथित क़रीबी रिश्तों के कारण सीबीआई जाँच की माँग की थी.
केरल में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के रमेश चेन्नितला ने बीबीसी हिंदी से कहा, "मैंने प्रधानमंत्री को ख़त लिखकर सीबीआई जाँच की माँग की है और कहा है कि सीबीआई को मुख्यमंत्री कार्यालय को भी अपनी जाँच के दायरे में शामिल करना चाहिए. वो महिला उस विभाग से बहुत क़रीब से जुड़ी हुईं हैं जिनके मंत्री ख़ुद मुख्यमंत्री हैं."
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।