होम भारत की चीन को दो टूक, कहा- गलवान घाटी की घटना का द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ेगा गहरा प्रभाव
भारत की चीन को दो टूक, कहा- गलवान घाटी की घटना का द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ेगा गहरा प्रभाव
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी को दिए गए कठोर संदेश में बुधवार को कहा कि गलवान घाटी में हुई अप्रत्याशित घटना का द्विपक्षीय संबंधों पर गहरा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने चीन से स्थिति में सुधार करने वाले कदम उठाने को कहा है। जयशंकर और वांग की टेलीफोन पर बातचीत हुई। यह बातचीत दोनों देशों की सेनाओं के बीच सोमवार रात को हुए हिंसक संघर्ष के बाद हुई जिसमें एक कर्नल सहित 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गये। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘15 जून को गलवान घाटी में हुए हिंसक संघर्ष को लेकर विदेश मंत्री ने भारत सरकार के विरोध को कड़े शब्दों में व्यक्त किया है।’उसने कहा कि जयशंकर ने छह जून को दोनों पक्षों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच बैठक में बनी सहमति का उल्लेख किया जिसके अनुसार वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव को कम करने के लिए काम किया जाएगा। जयशंकर ने कहा कि स्थिति में सुधार हो ही रहा था कि चीनी पक्ष ने एलएसी के भारतीय इलाके की ओर एक ढांचा खड़ा करने का प्रयास किया। विदेश मंत्रालय ने वार्ता का ब्योरा देते हुए कहा, ‘‘विदेश मंत्री ने रेखांकित किया कि पहले कभी नहीं हुए इस घटनाक्रम का द्विपक्षीय संबंधों पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। समय की मांग है कि चीनी पक्ष अपनी कार्रवाई की समीक्षा करे और (स्थिति में) सुधार के लिए कदम उठाये।’’
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।