होम सैलानियों को फिलहाल हिमाचल में प्रवेश की अनुमति नहीं
सैलानियों को फिलहाल हिमाचल में प्रवेश की अनुमति नहीं
लॉकडाउन में ठप्प पड़े हिमाचल के पर्यटन उद्योग को पटरी पर लौटने में अभी वक्त लगेगा। बेशक लॉकडाउन के बाद निकासी योजना के तहत सरकार आठ जून से होटल खोलने की तैयारी में है, मगर बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानियों को फिलहाल प्रदेश में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। होटलों में सिर्फ प्रदेश के लोगों को ही रहने की इजाजत होगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल है। राज्य में पयर्टन क्षेत्र में भारी रोजगार के साथ-साथ सरकार को भी आय होती है। उन्होंने माना कि लॉकडाउन के कारण पर्यटन उद्योग को नुकसान हुआ है। इस दौर से बाहर निकलना कठिन है। इससे बाहर निकलने में अभी समय लगेगा क्योंकि अभी लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकलना चाहते हैं। अभी बाहरी राज्यों से सैलानियों को हिमाचल में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी लेकिन आने वाले समय में हिमाचल एक मर्तबा फिर सैलानियों का पसंदीदा गंतव्य स्थल बनकर उभरेगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सेब का सीजन करीब है तथा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सेब के बक्सों का उत्पादन शुरू कर दिया गया है। उन्होंने माना कि सेब के सीजन में मजदूरों की समस्या है, क्योंकि सेब उत्पादन के समय बड़ी संख्या में नेपाल से मजदूर आते थे जो चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से नेपाल से मजदूरों को लाने का मामला उठाया हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नेपाल से श्रमिकों को लाने के लिए परिवहन व्यवस्था करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि सेब हिमाचल की आर्थिकी को संबल देता है। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग नुकसान का आकलन कर रहे हैं, जिनका नुकसान हुआ है उनकी मदद कैसे कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोविड हेल्थ सेंटर में 500 बिस्तरों की क्षमता है। वेंटीलेटर की संख्या भी 115 हैं। आज प्रदेश में पीपीई किट की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में औद्योगिक क्षेत्र सुचारू रूप से काम कर रहा है तथा 70 प्रतिशत से अधिक काम शुरू हो गया है। ट्राईसिटी से भी उद्योगों के लिए आने जाने की व्यवस्था कर दी है। प्रदेश में लॉकडाउन में भी फार्मा के क्षेत्र में उत्पादन जारी था। शिमला में मालरोड से उपनगरों के लिए टैक्सी पूर्व की भांति चलनी शुरू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से प्रदेश में पूरा सार्वजनिक परिवहन शुरू कर दिया है। माल रोड से चलने वाली हिमाचल परिवहन निगम की टैक्सियां पूर्व की भांति चलना प्रारंभ हो गई हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।