होम योगी सरकार ने 24 घंटों में कोरोना टेस्टिंग को लेकर बनाया रिकॉर्ड
योगी सरकार ने 24 घंटों में कोरोना टेस्टिंग को लेकर बनाया रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना टेस्टिंग को लेकर रिकॉर्ड बना है। शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा टेस्टिंग 8112 हुई। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा निर्धारित प्रतिदिन 10 हजार टेस्ट का लक्ष्य अगले तीन दिनों में हासिल कर लिया जाएगा। शनिवार को प्रदेश में 200 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं।
पूरे प्रदेश में अब तक 5,819 मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 3,335 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 152 कोरोना संक्रमित मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। एक्टिव केस 2332 हैं। आशा बहुओं की टीम सात लाख 44 हजार से ज्यादा प्रवासी श्रमिकों का सर्वे कर चुकी है। इनमें 844 श्रमिकों में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं। चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। प्रमुख सचिव ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 836 पूल टेस्ट किए गए। इनमें 659 पांच-पांच नमूनों के और 177 दस-दस नमूनों के थे। 836 में से 147 पूल पॉजिटिव पाए गए। 147 पूल को अलग कर उनमें एक-एक नमूने की जांच की जा रही है।
घरेलू उड़ानों के लिए प्रोटोकॉल:
प्रमुख सचिव ने बताया कि 25 मई से शुरू होने वाली हवाई उड़ानों का प्रोटोकॉल तैयार कर लिया गया है। इनमें प्रदेश के जो निवासी आएंगे, उन्हें क्वारंटीन में रखा जाएगा। जो यात्री एक-दो दिन के लिए अपने काम से आएंगे, उन्हें अपने रिटर्न टिकट का पूरा ब्योरा देना होगा। यह भी बताना होगा कि वे कहां रुकेंगे। किस काम से आए हैं।
उन्होंने बताया कि 2500 निजी अस्पतालों में इमरजेंसी व आवश्यक सेवाएं शुरू हो गई हैं। इन अस्पतालों में इन्फेक्शन प्रवेन्ट मैनेजमेंट के तहत प्रशिक्षित डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की सेवाएं ली जाएंगी। सरकारी अस्पतालों और सरकारी मेडिकल कालेजों के अस्पतालों में इमरजेंसी व आवश्यक सेवाएं पहले ही शुरू की जा चुकी हैं। शिशुओं के टीकाकरण का काम भी शुरू हो चुका है। शनिवार को टीकाकरण के प्रमुख सचिव ने बताया कि एनएसएस, एनसीसी, युवक मंगल दल के स्वयंसेवकों को लेकर प्रदेश में कोविड वालंटियर्स फोर्स बनाई जाएगी। यह फोर्स लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने का काम करेगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।