होम 31 मई तक जारी रखें लॉकडाउन, एनडीएमए का केंद्र और राज्यों को निर्देश
31 मई तक जारी रखें लॉकडाउन, एनडीएमए का केंद्र और राज्यों को निर्देश
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने राज्य सरकारों और राज्य प्राधिकरणों के मंत्रालयों / विभागों को 31 मई 2020 तक लॉकडाउन उपायों को जारी रखने के लिए कहा है। लॉकडाउन के इस चौथे चरण को लेकर कुछ देर में नई गाइडलाइन भी जारी हो सकती है। लॉकडाउन के तीसरे चरण की मियाद 17 मई यानी आज पूरी हो रही है। वहीं इससे पहले पिछले सप्ताह सोमवार को पीएम मोदी ने देश के सभी मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की थी।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भारत सरकार के मंत्रालयों / विभागों, राज्य सरकारों और राज्य प्राधिकरणों को लॉकडाउन 31 मई 2020 तक जारी रखने का निर्देश दिया है। एनडीएमए ने कोरोना के प्रसार को रोकने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को खोलने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दिशानिर्देशों में संशोधन जारी करने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी समिति (NEC) को भी निर्देश दिया है।
वहीं आज रात 9 बजे कैबिनेट सेक्रेटरी राजीव गाबा राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पंजाब और मिजोरम पहले ही 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर चुके हैं। किसी भी वक्त नई गाइडलाइन के साथ लॉकडाउन बढ़ाने का केंद्र का फैसला आ सकता है।
पंजाब, तमिलनाडु और महाराष्ट्र ने पहले ही बढ़ाया लॉकडाउन
पंजाब, महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु सरकार ने भी लॉकडाउन की अवधि बढ़ाकर 31 मई तक कर दी है। महाराष्ट्र और तमिलनाडु ने लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान रविवार को किया। वहीं इससे ठीक एक दिन पहले पंजाब सरकार ने लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाकर 31 मई तक कर दिया। हालांकि राज्य सरकार ने कर्फ्यू को 18 मई से हटा दिया है।
कई राज्यों ने की थी लॉकडाउन बढ़ाने की वकालत
विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई बैठक में कई राज्यों ने मौजूदा लॉकडाउन के बढ़ाने की वकालत की थी। हालांकि, पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने कुछ प्रतिबंधों को बरकरार रखते हुए अर्थव्यवस्था को लेकर अधिक छूट मांगी थी। जिन राज्यों ने विस्तार की मांग की उनमें पंजाब, बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
कब-कब बढ़ाया गया लॉकडाउन
पिछली बार प्रधानमंत्री ने 27 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत की थी। बैठक के कुछ दिनों के बाद, केंद्र सरकार ने वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन को दो हफ्ते बढ़ाकर 17 मई तक कर दिया था, साथ ही कुछ शर्तों के साथ ढील भी दी थी। देश में 25 मार्च को लॉकडाउन लागू किया गया था जो 14 अप्रैल को समाप्त होने वाला था। इसे फिर 3 मई और फिर 17 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया था।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।