होम उप्र में आंधी-पानी और आकाशीय बिजली ने ली 12 लोगों की जान
उप्र में आंधी-पानी और आकाशीय बिजली ने ली 12 लोगों की जान
लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में रविवार को दिन भर आंधी-पानी और आकाशीय बिजली का कहर छाया रहा। इस प्राकृतिक आपदा ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से कम से कम 12 लोगों की जान ले ली। धूल भरी आंधी से कानपुर, मुरादाबाद और कासगंज समेत कुछ जिलों में दिन में ही अंधेरा छा गया। तेज आंधी से कई जिलों की विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। बेमौसम आंधी-पानी से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देश के उत्तरी भाग में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उप्र समेत कई राज्यों में अभी तीन-चार दिन तक तेज धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना है। उप्र में पिछले एक पखवारे से मौसम का मिजाज रह-रहकर बदल रहा है। इससे आम की फसल को काफी नुकसान हो रहा है।
विभिन्न जिलों से मिल रही खबरों के मुताबिक आज दिन में मौसम का बदला मिजाज सबसे पहले पश्चिमी उप्र में देखने को मिला। दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, सहारनपुर और शामली समेत कई जिलों में दोपहर 12 बजे अचनाक तेज और धूलभरी आंधी चलने लगी। इसके बाद बारिश भी हुई। आंधी के चलते इन जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मुरादाबाद और आसपास के जिलों में तो तेज आंधी और काले बादलों के चलते दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया।
दोपहर बाद आंधी और पानी ने कानपुर, चित्रकूट, हरदोई, फर्रुखाबाद, हमीरपुर और औरैया समेत अन्य जिलों को भी अपने आगोश में ले लिया। इसी वक्त वाराणसी और बलिया सहित पूर्वांचल के जिलों में भी आंधी-बारिश शुरू हो गई। राजधानी लखनऊ, प्रयागराज और प्रतापगढ़ जैसे जिलों में शाम के वक्त तेज आंधी के साथ बरसात हुई।
12 लोगों के मौत की खबर
समाचार लिखे जाने तक आंधी-पानी और आकाशीय बिजली से प्रदेश के विभिन्न जिलों में 12 व्यक्तियों की मौत होने की खबर है। इस प्राकृतिक आपदा से कासगंज में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। जिले में अपराह्न करीब 2.30 बजे तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस बीच आकाशीय बिजली गिरने से सहावर क्षेत्र में तंबाकू किसान प्रदीप कुमार, सोरों के तारापुर कनक गांव में गोवर्धन एवं मथुराप्रसाद की मौत हो गई। इसके अलावा सुन्नगढ़ी के किसौल में दीवार गिरने से एक महिला गुड्डो पत्नी बुधपाल की मौत हुई। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि दैवीय आपदा के दौरान प्रत्येक मृतक के परिवार को सरकार की ओर से चार लाख रुपए दिए जाएंगे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।